लखनऊ : राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आज सुबह से ही खिली धूप निकलने से लोगों को पिछले करीब एक पखवाड़े से पड़ रही जबर्दस्त ठंड से खासी राहत मिली। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि सूर्य के उत्तरायण में आने और खिली धूप निकलने से फिजा में गलन का असर कुछ कम हुआ है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण सर्द हवा का दौर फिर शुरू होगा और दो-तीन दिन के बाद कड़ाके की ठंड के लौटने की सम्भावना है। उन्होंने बताया कि अगले हफ्ते मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम बना रह सकता है।
मकर संक्रांति पर राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आज सुबह से ही चटख धूप निकली। इससे लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी से खासी राहत मिली। रविवार का दिन होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी छतों पर धूप सेकते देखे गये। मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर शीतलहर चली। इस दौरान फैजाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद, बरेली तथा वाराणसी मंडलों में दिन के तापमान में खासी वृद्धि हुई लेकिन गोरखपुर, फैजाबाद और वाराणसी में सामान्य से नीचे ही रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी तथा फैजाबाद मंडलों में रात के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गयी, जबकि प्रदेश के बाकी मंडलों में यह लगभग साामान्य रहा। इस अवधि में फुरसतगंज (रायबरेली) राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। कुछ जगहों पर कोहरा भी गिरने की सम्भावना है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



