प्रयागराज, 11 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई।
सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन अनिल गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हर घर तिरंगा अभियान के तहत मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। सुभाष चौक से लेकर शेखर आजाद पार्क तक निकाली जा रही रैली में सिविल डिफेंस, भारत स्काउट, होमगार्ड और पुलिस के जवान शामिल हुए।
रीजनल आर्काइव्स ऑफिसर राकेश कुमार वर्मा ने कहा, “पूरे देश में ‘हर तिरंगा अभियान’ के तहत रैलियां निकाली जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से पूरे प्रयागराज में विभिन्न तरह की रैलियां निकाली जा रही हैं। तिरंगा मोटरसाइकिल रैली नेता सुभाष चंद्र पार्क से निकलकर चंद्रशेखर शहीद स्थल तक जाएगी। इसी के साथ कई सांस्कृतकि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।”
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदेश के सभी मदरसों तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को सभी मदरसों में अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
हर घर तिरंगा भारत सरकार की संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरी सरकार’ के सहयोग से शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे के बीच एक व्यक्तिगत जुड़ाव को बढ़ावा देना है। यह अभियान प्रत्येक भारतीय को तिरंगे को अपने घर लाने और गर्व से फहराने के लिए प्रोत्साहित करता है, जिससे ध्वज के साथ संबंध एक औपचारिक प्रतीक से बदलकर राष्ट्रीय गौरव की एक भावपूर्ण अभिव्यक्ति बन जाता है।
यह अभियान आजादी का अमृत महोत्सव का एक हिस्सा है, जो भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने का एक व्यापक उत्सव है। यह महोत्सव देशभक्ति गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए देश के इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों को उजागर करता है। हर घर तिरंगा नागरिकों को स्वतंत्रता और एकता का जश्न मनाने में सीधे तौर पर शामिल करने का एक मंच प्रदान करता है।
–आईएएनएस
ओपी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



