कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने भाजपा प्रमुख अमित शाह को केंद्रीय गृह मंत्री बनने पर बधाई दी लेकिन यह भी पूछा कि उनके जैसे लोगों का क्या होगा जो भगवा पार्टी के खिलाफ लड़े। गांधी नगर लोकसभा सीट से चुनाव जीतने वाले अमित शाह को गुरुवार को नरेंद्र मोदी की दूसरी बार गठित सरकार में शामिल किया गया।
चार साल पहले गुजरात में पाटीदार आरक्षण आंदोलन चलाने वाले हार्दिक पटेल ने ट्वीट में कहा, “अमित शाह जी गृह मंत्री बने हैं इसलिये मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। लेकिन आज कुछ भक्तों के मुझे मैसेज आए कि अब तेरा क्या होगा हार्दिक। उन्होंने कहा, “मतलब अमित शाह के गृह मंत्री बनने के बाद भक्त काफी खुश हैं। भाजपा के खिलाफ लड़ने वाले हम जैसे युवाओं को मार दिया जाएगा ? चलो जैसी भगवान की इच्छा !”

लोकसभा चुनाव के दौरान पाटीदार नेता ने कांग्रेस के लिए जमकर प्रचार किया था। ओबीसी श्रेणी में पाटीदार समुदाय को शामिल करने के लिए आंदोलन के दौरान पटेल ने शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि शाह के इशारे पर राज्य में प्रदर्शनकारियों से कठोर बर्ताव किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



