नई दिल्ली : जानीमानी हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं। सूत्रों के मुताबिक सपना ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर के नयी दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
ऐसी खबरें हैं कि वह मथुरा से हेमा मालिनी के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं, हालांकि कांग्रेस के सूत्रों ने फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। मूल रूप से हरियाणा निवासी सपना के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं।
बता दें कि भाजपा ने मथुरा लोकसभा सीट से फिल्म अभिनेत्री व मौजूदा सांसद हेमा मालिनी को टिकट दिया है। सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले सपना चौधरी यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से भी मिली थीं। उन्होंने कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार करने की इच्छा जाहिर की थी।
लेकिन, मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें मथुरा से चुनाव लड़ाने पर विचार किया जा रहा है। मथुरा में दूसरे चरण में चुनाव है, जिसके लिए 26 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। 27 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। मथुरा सीट पर लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है। माना जा रहा है कि हेमा मालिनी 25 मार्च यानी सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकती हैं।


Download Android App
Download iOS App



