नई दिल्ली: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने कहा कि केरल, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत 16 राज्यों में अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार है। मछुआरों को मध्य अरब सागर में नहीं जाने की सलाह दी गई है। एनडीएमए ने एक बयान में कहा कि बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश के आसार है।
भारतीय मौसम विभाग के एक बुलेटिन के हवाले से एनडीएमए ने बताया कि उत्तराखंड के दूरदराज के क्षेत्रों में रविवार और सोमवार को भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि पश्चिम मध्य अरब सागर में समुद्रीय स्थितियां खराब से बेहद खराब होने के आसार हैं। मछुआरों को इस क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है?
उत्तराखंड, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अरूणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के दूरदराज के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
मरने वालों की संख्या का आकड़ा 718 पहुंचा
इस बार मानसून के दौरान अब तक सात राज्यों में बाढ़ और बारिश से संबंधित घटनाओं में 718 लोगों की मौत हो चुकी है। गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपातकालीन प्रतिक्रिया केन्द्र (एनईआरसी) के अनुसार उत्तर प्रदेश में 171 लोगों, पश्चिम बंगाल में 170 लोगों, केरल में 178 और महाराष्ट्र में 139 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
इसके अलावा गुजरात में 52 लोगों, असम में 44 और नगालैंड में आठ लोगों की मौत हुई है। राज्यों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कुल 26 लोग लापता भी हुए है। जिनमें से केरल में 21 लोग और पश्चिम बंगाल में पांच लोग लापता हुए। जबकि 244 अन्य लोग घायल हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



