हार के अहसास से ममता उपद्रवकारियों से ले रही मदद : विष्णुदेव साय

Summary :

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में तोड़फोड़ एवं आगजनी की हिंसक घटनाओं का वहां की जनता भाजपा के पक्ष में वोट करके मुंहतोड़ जवाब देगी।

केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को चुनाव परिणाम से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) के सामने अपनी कमजोर स्थिति का अंदाज हो गया है और इसी वजह से पार्टी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वहां उपद्रवकारियों से मदद ले रही है।

श्री साय ने आज यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार की इस हिंसा का जवाब वहां की जनता 23 मई को चुनाव के नतीजों में भाजपा की धमाकेदार उपस्थिति के रूप में देने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पांच सालों में पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा करने के लिए दो कैंसर अस्पताल, गरीब तबके को नि:शुल्क बिजली, घरेलू गैस कनेक्शन तथा कल्याणकारी योजनाओं से अनेकों सौगात दी है।

भाजपा की चुनावी सभा में इन्हीं योजनाओं का उल्लेख करने से तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को अपनी हार का अहसास होने लगा है। श्री साय ने कहा कि कोलकाता में कल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली में तोड़फोड़ एवं आगजनी की हिंसक घटनाओं का वहां की जनता भाजपा के पक्ष में वोट करके मुंहतोड़ जवाब देगी।

Desk Team