विशाखापत्तनम, 12 जुलाई (आईएएनएस)। रविवार तड़के बंगाल की खाड़ी में आए 4.5 तीव्रता के भूकंप से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और आसपास के कई जिलों में हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 5:05 बजे आए इन झटकों से कुछ देर के लिए लोगों में परेशानी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली।
भूकंप के झटके विशाखापत्तनम शहर के गाजुवाका, मंगलापालेम, सागर नगर, पेड्डा वाल्टेयर, अरिलोवा, एमवीपी कॉलोनी, अप्पुघर सहित कई इलाकों में महसूस किए गए। इसके अलावा अनकापल्ली, विजयनगरम, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों के कुछ हिस्सों से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं।
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) के अनुसार, रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में रिक्टर पैमाने पर 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके कारण विशाखापत्तनम के कई इलाकों में कंपन महसूस हुआ।
वहीं, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप सुबह 5:05:46 बजे आया। इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में काकीनाडा तट से लगभग 225 किलोमीटर दूर स्थित था। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई। इसका केंद्र 16.805 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.381 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अपेक्षाकृत स्थिर माना जाता है और धरती की आंतरिक संरचनात्मक हलचल के कारण हल्के झटके महसूस हुए हैं। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर में भी विशाखापत्तनम और अल्लूरी सीताराम राजू जिले में हल्का भूकंप आया था। इससे पहले 4 नवंबर 2015 को अल्लूरी जिले में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उस समय तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए थे, लेकिन तब भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। उस भूकंप का केंद्र जी. मडुगुला क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जो विशाखापत्तनम से लगभग 110 किलोमीटर दूर स्थित था।
–आईएएनएस
वीकेयू/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















