इंडिया और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी-20 सीरीज इंडियन टीम के लिए बेहद ही निराशाजनक रही। इंग्लैंड ने पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 4-0 से शिकस्त दी वहीं एक मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया। ऐसे में अब भारतीय टीम की नजरें तीन मैचों की वनडे सीरीज पर हैं, जिसकी शुरुआत 14 जुलाई से बर्मिंघम में होगी। यह सीरीज भारत के लिए टी-20 में मिली हार का जवाब देने और अपनी रेपुटेशन को वापस हासिल करने का बेहतरीन मौका साबित होगी। हालांकि, इंग्लैंड को उसकी सरज़मीं पर हराना किसी भी टीम के लिए आसान चुनौती नहीं माना जाता।
सीनियर खिलाड़ियों की वापसी से बढ़ेगी टीम की ताकत

टी-20 सीरीज में भारतीय बल्लेबाज़ उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके, जबकि गेंदबाज़ी में भी जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी साफ महसूस हुई। लेकिन अब वनडे सीरीज में कई एक्सपीरिएंस्ड खिलाड़ियों की वापसी से टीम बैलेंस और मजबूती नजर आ रही है। इस बीच, टी20 सीरीज के दौरान हर्षित राणा चोटिल हो गए थे, जिसके चलते वे पहले वनडे से बाहर रह सकते हैं। उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज़ प्रिंस यादव को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पहले वनडे में कैसी हो सकती है भारत की प्लेइंग-11?

भारतीय टीम मैनेजमेंट पहले वनडे में अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग 11 के साथ उतरना चाहेगा। कप्तान शुभमन गिल के साथ रोहित शर्मा पारी की शुरुआत कर सकते हैं। वहीं तीसरे नंबर पर विराट कोहली बल्लेबाज़ी करते नजर आएंगे। मिडिल ऑर्डर में चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर की जगह लगभग तय मानी जा रही है, जिन्होंने टी-20 सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं पांचवें नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज़ केएल राहुल की वापसी तय मानी जा रही है। राहुल के टीम में आने से ईशान किशन को प्लेइंग 11 से बाहर बैठना पड़ सकता है।
ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। वहीं स्पिन डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी कुलदीप यादव संभाल सकते हैं, जबकि उनके आने से शिवम दुबे को प्लेइंग-11 से बाहर होना पड़ सकता है। तेज गेंदबाज़ी अटैक की लीडरशिप जसप्रीत बुमराह करेंगे। वहीं उनका साथ अर्शदीप सिंह देंगे, जबकि तीसरे तेज गेंदबाज़ के तौर पर प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
तीन वनडे मैचों के लिए इंडियन टीम

शुभमन गिल (कप्तान)
रोहित शर्मा
विराट कोहली
श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)
केएल राहुल (विकेटकीपर)
ईशान किशन (विकेटकीपर)
वाशिंगटन सुंदर
अक्षर पटेल
शिवम दुबे
कुलदीप यादव
जसप्रीत बुमराह
प्रिंस यादव
प्रसिद्ध कृष्णा
अर्शदीप सिंह
गुरनूर बराड़
पहले वनडे के लिए पॉसिबल इंडियन टीम की प्लेइंग-11

शुभमन गिल (कप्तान)
रोहित शर्मा
विराट कोहली
श्रेयस अय्यर
केएल राहुल (विकेटकीपर)
अक्षर पटेल
वाशिंगटन सुंदर
कुलदीप यादव
जसप्रीत बुमराह
अर्शदीप सिंह
प्रिंस यादव / प्रसिद्ध कृष्णा
भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज का कार्यक्रम

पहला वनडे: 14 जुलाई, बर्मिंघम – दोपहर 3:30 बजे
दूसरा वनडे: 16 जुलाई, कार्डिफ – शाम 5:30 बजे
तीसरा वनडे: 19 जुलाई, लॉर्ड्स – दोपहर 3:30 बजे
भारतीय टीम इस वनडे सीरीज में जीत के साथ नई शुरुआत करना चाहेगी। सीनियर खिलाड़ियों की वापसी और बैलेंस्ड टीम कॉम्बीनेशन के दम पर भारत के पास इंग्लैंड को कड़ी चुनौती देने का बेहतरीन मौका होगा।























