दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में रविवार शाम पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों मासूमों की पहचान आयुष (8) और नितेश (10) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे पास के एक खेत में खेल रहे थे। तभी दोनों खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। बच्चों की मौत के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।
15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर दो बच्चों की मौत
यह घटना हिरनकी रोड स्थित मुखमेलपुर गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यहां पास के एक खेत में जल निकासी के लिए बड़ा गड्ढा बनाया गया था, जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था। दोनों बच्चे शाम को करीब 4 बजे घर के पीछे खेत में खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गगया, उसको बचाने के लिए दूसरा बच्चा भी उसमें कूद गया। दोनों को डूबता देख तीसरे बच्चे ने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भागते हुए आए। एक व्यक्ति ने गड्ढे में कूदकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए जहांगीरपुरी की मोर्चरी में भेजा
जानकारी के मुताबिक, शाम को 6:00 बजे बजे पुलिस को पीसीआर कॉल से सूचना मिली थी कि मुखमेलपुर गांव में हिरंकी रोड के पास दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल, जहांगीरपुरी की मोर्चरी में भेज दिया है। इस मामले में अलीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत FIR दर्ज की गई है।
हादसे का जिम्मेदार खेत मालिक!
शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस खेत में ये हादसा हुआ, वहां देखरेख करने वालों ने जल निकासी के लिए गड्ढा बनाया है। परिजनों ने खेत मालिक की लापरवाही को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया है और सख्त क़ानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हादसे में किसकी लापरवाही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कारवाई की जानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App




