बंगाल: नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, बिहार सीमा से भागने की फिराक में था

Summary :

कोलकाता, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी दिलीप रॉय सोमवार तड़के रायगंज में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की 3 नवंबर को साइकिल से घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। दो दिनों से अधिक समय तक उसकी तलाश की गई। इसके बाद 6 नवंबर को उसका अर्ध-विकृत शव पास के कुलिक जंगल से बरामद किया गया। परिजनों ने इस मामले में दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए…

कोलकाता, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी दिलीप रॉय सोमवार तड़के रायगंज में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की 3 नवंबर को साइकिल से घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। दो दिनों से अधिक समय तक उसकी तलाश की गई। इसके बाद 6 नवंबर को उसका अर्ध-विकृत शव पास के कुलिक जंगल से बरामद किया गया। परिजनों ने इस मामले में दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

शव बरामद होने के बाद से ही पुलिस आरोपी दिलीप रॉय की तलाश कर रही थी। इसी बीच रविवार और सोमवार की दरमियानी रात पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गौर ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार तड़के करीब तीन बजे वहां छापेमारी की।

पुलिस का दावा है कि जब टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार सीमा के रास्ते किसी दूसरे राज्य में भागने की फिराक में था। उत्तर दिनाजपुर जिला बिहार की सीमा के काफी करीब है। नाबालिग के शव को रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल में इस साल जुलाई से अब तक पुलिस मुठभेड़ में यह चौथी मौत है। इनमें से तीन मामले नाबालिग लड़कियों के दुष्कर्म और हत्या से जुड़े हैं।

इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में छह वर्षीय बच्ची के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। पुलिस का दावा था कि अपराध का घटनाक्रम दोबारा समझने के लिए आरोपी को घटनास्थल पर ले जाया गया था, जहां उसने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

इसके बाद अक्टूबर में दक्षिण 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 वर्षीय किशोरी के दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने दावा किया था कि घटनाक्रम दोहराने के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की थी।

इसी दिन मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार सामिउल शेख भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। रायगंज की ताजा घटना के साथ ही जुलाई से अब तक पश्चिम बंगाल में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों की संख्या चार हो गई है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.