देहरादून, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26वें वर्ष में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर निरंतर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी उत्तराखंड स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का चारधाम की पावन यात्रा, मां गंगा और यमुना का उद्गम स्थल तथा हिमालय की गोद में बसे गांवों के कारण आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम है।
नितिन नवीन ने कहा कि सेना में सेवा की गौरवशाली परंपरा इस धरती को वीरभूमि के रूप में भी विशिष्ट पहचान देती है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वर्ष 2000 में गठित यह प्रदेश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की रफ्तार के साथ विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की शुभकामनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर उनकी आत्मीय शुभकामनाओं के लिए वह हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



