हुबली में ‘लव जिहाद’ मामले में तीन केस दर्ज, पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

Summary :

हुबली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के हुबली में सामने आए कथित ‘लव जिहाद’ मामले में पुलिस बेहद सतर्कता के साथ जांच कर रही है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से गंभीर और संवेदनशील आरोप लगाए गए हैं, जिसके चलते कुल तीन मामले दर्ज किए गए हैं। हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “घटना से जुड़े तीन मामले दर्ज किए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं की विस्तार से जांच कर रही है।” आयुक्त ने बताया कि इस…

हुबली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक के हुबली में सामने आए कथित ‘लव जिहाद’ मामले में पुलिस बेहद सतर्कता के साथ जांच कर रही है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से गंभीर और संवेदनशील आरोप लगाए गए हैं, जिसके चलते कुल तीन मामले दर्ज किए गए हैं।

हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि युवती ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “घटना से जुड़े तीन मामले दर्ज किए गए हैं और पुलिस सभी पहलुओं की विस्तार से जांच कर रही है।”

आयुक्त ने बताया कि इस मामले में वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर भी जांच जारी है। उन्होंने कहा, “यह जांच में सामने आएगा कि वीडियो किसने रिकॉर्ड किया। इस संबंध में संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।”

युवती और उसकी मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में यौन उत्पीड़न, घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि आरोपी युवक समीअर की बहन और अन्य लोगों ने इस कृत्य को बढ़ावा दिया। पुलिस इन सभी आरोपों की भी जांच कर रही है।

आयुक्त शशिकुमार ने भरोसा दिलाया कि “सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य आरोपों को लेकर भी उचित कदम उठाए जाएंगे।”

दूसरी ओर, आरोपी समीअर मुल्ला ने दावा किया है कि निजी वीडियो युवती ने खुद अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया था।

हालांकि, युवती का कहना है कि वह आरोपी की बहन के जरिए उसके संपर्क में आई थी, जिसने उसे जिम में बुलाया और बाद में अपने घर ले गई। वहां उसे कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि आरोपी ने उसे गर्भवती कर दिया और जबरन दवाइयां खाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर उसे भेजने के लिए मजबूर किया।

इस मामले से जुड़े शिकायत और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिससे शहर में तनाव की स्थिति बन गई है।

जहां एक ओर युवती ने यौन शोषण और दबाव के आरोप लगाए हैं, वहीं आरोपी समीअर के परिवार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

शुक्रवार को हुबली में ‘लव जिहाद’ के आरोपों को लेकर तनाव बढ़ गया, जब एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के संबंध को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस दौरान हिंदू संगठनों के सदस्यों और आरोपी युवक के परिवार के बीच झड़पें भी हुईं।

स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ओल्ड हुबली पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक समीअर, जो विजयनगर इलाके का निवासी और पेशे से जिम ट्रेनर है, उसकी मुलाकात युवती से जिम में हुई थी।

हिंदू संगठनों के सदस्यों ने इस संबंध को ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए हस्तक्षेप किया। उन्होंने समीअर को अपने कब्जे में लेकर ओल्ड हुबली पुलिस के हवाले कर दिया।

इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई जब समीअर के परिवार के सदस्य युवती के घर में घुस गए और उसके परिवार पर युवक के अपहरण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान मारपीट की कोशिश भी की गई।

पुलिस के मुताबिक, घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब युवती के परिवार ने समीअर के घर पहुंचकर उससे उनकी बेटी के साथ संबंधों को लेकर सवाल किए। इसके बाद हिंदू संगठनों के सदस्यों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

इसके जवाब में समीअर के परिवार ने कथित तौर पर युवती के घर में घुसकर हंगामा किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ गया।

इस झड़प में दोनों परिवारों के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें हुबली के किम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.