सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र को समर्थन के लिए पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

Summary :

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लिए प्रधानमंत्री का लगातार मजबूत समर्थन बेहद अमूल्य और प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी के महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए तीन पन्नों के पत्र का जवाब एक्स पर दिया। इस पत्र में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ ‘विकसित महाराष्ट्र’ का विजन भी साझा किया था। फडणवीस ने लिखा, ”महाराष्ट्र के हर नागरिक के लिए आज का दिन बेहद खास है और आपके स्नेहपूर्ण…

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लिए प्रधानमंत्री का लगातार मजबूत समर्थन बेहद अमूल्य और प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी के महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए तीन पन्नों के पत्र का जवाब एक्स पर दिया। इस पत्र में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ ‘विकसित महाराष्ट्र’ का विजन भी साझा किया था।

फडणवीस ने लिखा, ”महाराष्ट्र के हर नागरिक के लिए आज का दिन बेहद खास है और आपके स्नेहपूर्ण संदेश ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया है। आपका संदेश महाराष्ट्र की समृद्ध विरासत, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान, आर्थिक प्रगति और भारत के विकास में उसकी भूमिका को खूबसूरती से दर्शाता है। इसमें गढ़चिरौली के उल्लेखनीय बदलाव का भी जिक्र है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शब्द, उनका मार्गदर्शन और सबसे अहम महाराष्ट्र के लिए उनका लगातार मजबूत समर्थन वास्तव में बेहद अमूल्य और प्रेरणादायक है।

प्रधानमंत्री मोदी हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि आगे भी उनका मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलता रहेगा। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को हार्दिक धन्यवाद दिया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी थीं और भारतीय सभ्यता के लिए महाराष्ट्र को ‘हमेशा प्रेरणा देने वाला’ बताया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 महाराष्ट्र के लिए सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने महाराष्ट्र के गौरवशाली अतीत के साथ उसके भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी रोडमैप की भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने सांस्कृतिक उपलब्धियों के साथ बड़े बुनियादी ढांचा निवेश का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र को भारत के ‘आर्थिक बदलाव’ का अग्रणी राज्य बताते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे और नवाचार में उसकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने 2025-26 में रेलवे परियोजनाओं के लिए रिकॉर्ड 24,000 करोड़ रुपए के आवंटन को केंद्र सरकार के अभूतपूर्व समर्थन का प्रमाण बताया।

उन्होंने विकास के तीन बड़े इंजन गिनाए। इनमें मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन का विस्तार और नवी मुंबई एयरपोर्ट, वधावन पोर्ट का विकास और संभाजीनगर में बिडकिन इंडस्ट्रियल एरिया को भविष्य के औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करना और गढ़चिरौली का उल्लेखनीय बदलाव शामिल है, जहां वामपंथी उग्रवाद में कमी के बाद हजारों करोड़ रुपए के निवेश आए हैं।

प्रधानमंत्री ने विकसित महाराष्ट्र रोडमैप की भी सराहना की, जिसे 2029, 2035 (राज्य का अमृत महोत्सव) और 2047 जैसे तीन चरणों में तैयार किया गया है, ताकि यह ‘विकसित भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ सके।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारत की प्रगति में महाराष्ट्र का योगदान बेजोड़ है। निवेशकों के लिए यह अब भी सबसे पसंदीदा राज्य बना हुआ है।”

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.