चित्रकूट, 30 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को चित्रकूट में मंदाकिनी और सिंहावल नदियों के किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों और बस्तियों में रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। उन्होंने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों तक मौके पर मौजूद रहने और बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री, भोजन और चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी बाधा के पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपने दौरे की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में हर बाढ़ प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा, “ईश्वर की कृपा, मौसम विभाग के सटीक पूर्वानुमान और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की वजह से इस आपदा में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।” हालांकि कई परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ है, जिसकी विस्तृत सर्वेक्षण के माध्यम से भरपाई की जाएगी और सभी प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया था। इससे रामघाट और आसपास के इलाके जलमग्न हो गए, जबकि हनुमान धारा मार्ग पर स्थित पुराने पुल को भी नुकसान पहुंचा।
स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं और जरूरत पड़ने पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। प्रशासन ने छह राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां प्रभावित लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री के दौरे और निर्देशों के बाद अब प्रशासन का फोकस राहत कार्यों को लगातार जारी रखने, नुकसान का विस्तृत आकलन करने और यह सुनिश्चित करने पर है कि कोई भी प्रभावित परिवार सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



