केरल चुनाव परिणाम: यूडीएफ की बढ़त के बीच कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल

Summary :

तिरुवनंतपुरम, 4 मई (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनावों की मतगणना के अंतिम चरण में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जोरदार बढ़त के साथ राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया है। रुझानों के मुताबिक यूडीएफ करीब 97 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि वाम मोर्चा 40 और भाजपा 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस कार्यालय के अंदर प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ लगातार टीवी स्क्रीन पर विभिन्न सीटों के रुझानों पर नजर बनाए हुए थे। शुरुआती दौर में उनके पीछे होने की खबर से कुछ समय के लिए चिंता जरूर…

तिरुवनंतपुरम, 4 मई (आईएएनएस)। केरल विधानसभा चुनावों की मतगणना के अंतिम चरण में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जोरदार बढ़त के साथ राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया है। रुझानों के मुताबिक यूडीएफ करीब 97 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि वाम मोर्चा 40 और भाजपा 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

कांग्रेस कार्यालय के अंदर प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ लगातार टीवी स्क्रीन पर विभिन्न सीटों के रुझानों पर नजर बनाए हुए थे। शुरुआती दौर में उनके पीछे होने की खबर से कुछ समय के लिए चिंता जरूर बढ़ी, लेकिन जल्द ही उन्होंने बढ़त हासिल कर ली, जो पूरे राज्य में यूडीएफ के प्रदर्शन को दर्शाती है।

जैसे-जैसे यूडीएफ की बढ़त मजबूत होती गई, वरिष्ठ नेताओं का पार्टी मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया। वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला सबसे पहले पहुंचने वालों में थे, जो हरिपद सीट से 10,000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और उन्हें कंधों पर उठाकर कार्यालय के अंदर ले गए।

इसके बाद के.सी. वेणुगोपाल, जिन्हें मुख्यमंत्री पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है, भी मुख्यालय पहुंचे। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा और उन्हें भी कंधों पर उठाकर अंदर ले जाया गया।

सबसे ज्यादा उत्साह उस समय देखने को मिला जब नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन मुख्यालय पहुंचे। शुरुआती राउंड में पीछे रहने के बाद उन्होंने परावूर सीट पर वापसी करते हुए बढ़त बना ली। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान के.सी. वेणुगोपाल ने पार्टी कार्यालय में जीत का केक काटा, जिसे शशि थरूर, सनी जोसेफ, रमेश चेन्निथला और वी.डी. सतीशन सहित अन्य नेताओं को खिलाया गया।

कार्यालय के बाहर भी जश्न जारी रहा, जहां कार्यकर्ता मिठाइयां बांटते और जीत के नारे लगाते नजर आए। मौजूदा रुझानों के अनुसार, यूडीएफ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के एक दशक लंबे शासन को समाप्त करने की ओर बढ़ रहा है, जो केरल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।

–आईएएनएस

डीएससी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.