ठाणे में संपत्ति विवाद में खूनी खेल, बेटे ने पिता और भाई पर चलाई गोली, दोनों घायल

Summary :

ठाणे, 11 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। कल्याण तालुका के गुरवली गांव में संपत्ति विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने पिता और भाई पर गोली चला दी, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान कल्पेश शेलार के रूप में हुई है ने अपने पिता बलराम शेलार और भाई भरत शेलार पर गोली चला दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलराम के पेट में गोली लगी, जबकि भरत के कंधे पर गोली लगी। दोनों को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया…

ठाणे, 11 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। कल्याण तालुका के गुरवली गांव में संपत्ति विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने पिता और भाई पर गोली चला दी, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान कल्पेश शेलार के रूप में हुई है ने अपने पिता बलराम शेलार और भाई भरत शेलार पर गोली चला दी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बलराम के पेट में गोली लगी, जबकि भरत के कंधे पर गोली लगी। दोनों को तुरंत इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कल्पेश शेलार को गिरफ्तार कर लिया। टिटवाला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से गुरवली गांव और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे द्वारा अपने ही पिता और भाई पर हमला करने की बात सुनकर स्थानीय लोग हैरान हैं।

इससे पहले, 19 अक्टूबर को एक ऐसी ही घटना सामने आई थी, जिसमें गुजरात के भरूच से 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उस पर आरोप था कि उसने महाराष्ट्र के पालघर जिले में कार खरीदने के लिए पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद अपने 59 वर्षीय पिता की हत्या कर दी।

आरोपी, जिसकी पहचान मुकेश परमार के रूप में हुई है, ने पैसों को लेकर हुई बहस के दौरान कथित तौर पर ग्राइंडर से अपने पिता मोहनलाल परमार का गला काट दिया। पिता-पुत्र एक साथ रह रहे थे, जबकि मोहनलाल की पत्नी अपने पैतृक गांव गई हुई थीं।

हत्या करने के बाद मुकेश मौके से फरार हो गया। जब रिश्तेदार फोन पर मोहनलाल से संपर्क नहीं कर पाए तो उन्होंने एक परिचित को उनका हाल जानने के लिए भेजा। उस व्यक्ति ने मोहनलाल का शव देखा और पालघर पुलिस को सूचना दी।

इससे पहले जून में महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई थी, जहां एक व्यक्ति ने अदालत में संपत्ति विवाद का केस हारने के बाद अपने 82 वर्षीय पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

पीड़ित जफर कमरुद्दीन सैयद पटेल ने अपने बेटे अब्दुल रहमान अब्दुल जफर को उसके दुर्व्यवहार के कारण घर से बेदखल करने के लिए दो वर्ष तक कानूनी लड़ाई लड़ी थी। जल संसाधन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी जफर पटेल को अपने बेटे, जो एक मेडिकल प्रतिनिधि के रूप में काम करता है, के साथ बार-बार झगड़ों और मारपीट का सामना करना पड़ा था।

–आईएएनएस

डीके/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.