कोलकाता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। मौसम विभाग ने सोमवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ आने वाले कुछ दिनों में दक्षिण और उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार सुबह तक उसी क्षेत्र में बना हुआ था।
सोमवार को दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मंगलवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
झाड़ग्राम और पुरुलिया जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जैसे तटीय जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।
कोलकाता और अन्य कई जिलों में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार और बुधवार को भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
विभाग का कहना है कि पूरे सप्ताह बंगाल में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। निम्न दबाव के क्षेत्र की स्थिति और गतिविधियों को देखते हुए आगे भी आवश्यक चेतावनियां जारी की जाएंगी।
उत्तर बंगाल में भी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश हो सकती है। इसी तरह की स्थिति 28 अगस्त, गुरुवार को जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भी रहने का अनुमान है।
इस बीच, रविवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। शहर में सापेक्षिक आर्द्रता 67 से 94 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कहा है कि प्रभावित जिलों में इस दौरान तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



