गुवाहाटी, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। असम की 126 सीटों वाली विधानसभा के लिए गुरुवार को मतदान के बीच राइजर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने राज्य में राजनीतिक बदलाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है और सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को जनता सत्ता से बाहर कर देगी।
मीडिया से बातचीत में गोगोई ने कहा कि लोगों में मौजूदा सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा, “असम में बदलाव का मजबूत माहौल है। जनता भाजपा सरकार से खुश नहीं है और नई सरकार लाने के लिए तैयार है। यह तय है कि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा और विपक्ष सरकार बनाएगा।”
सिवसागर सीट से उम्मीदवार अखिल गोगोई ने अपनी जीत को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “मैं सिवसागर से 50,000 से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करूंगा। लोगों में बदलाव की इच्छा साफ नजर आ रही है, जो मतदान और उत्साह में दिख रही है।”
गोगोई ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए मतदाताओं की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
मतदान से एक दिन पहले हुई हिंसा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय किसान संघ (बीकेएस) के असम के महासचिव बिद्युत सैकिया पर सिवसागर में हमला हुआ। गोगोई के अनुसार, सैकिया का इलाज डिब्रूगढ़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक बदलाव के दौरान तनाव की स्थिति बन सकती है।
अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए, गोगोई ने खुद को असम के सबसे सक्रिय विधायकों में से एक बताया। साथ ही, उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार पर आपराधिक पृष्ठभूमि होने का आरोप भी लगाया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राइजर दल और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का समझौता हुआ है, जिसके तहत कांग्रेस ने 11 सीटें राइजर दल के लिए छोड़ी हैं। हालांकि, दो सीटों पर दोनों दलों के बीच मुकाबला भी देखने को मिल रहा है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



