एनएचएआई की 1033 हेल्पलाइन होगी हाईटेक, एआई और रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग से मिलेगी त्वरित मदद

Summary :

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार को कहा कि वह यात्रियों को तेज और बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा 1033 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन को अत्याधुनिक तकनीकों से अपग्रेड करने की योजना बना रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, अपग्रेड की गई 1033 हेल्पलाइन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और स्मार्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। एनएचएआई ने एक बयान में कहा कि इन सुधारों से 1033 हेल्पलाइन कॉल करने वाले व्यक्ति की सटीक लोकेशन पहचान सकेगी, भारतीय भाषाओं में की गई कॉल को…

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सोमवार को कहा कि वह यात्रियों को तेज और बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा 1033 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन को अत्याधुनिक तकनीकों से अपग्रेड करने की योजना बना रहा है।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, अपग्रेड की गई 1033 हेल्पलाइन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रियल-टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और स्मार्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।

एनएचएआई ने एक बयान में कहा कि इन सुधारों से 1033 हेल्पलाइन कॉल करने वाले व्यक्ति की सटीक लोकेशन पहचान सकेगी, भारतीय भाषाओं में की गई कॉल को समझ सकेगी और जरूरत के अनुसार सहायता को अधिक तेजी से मौके तक भेज सकेगी।

हालांकि, आपातकालीन परिस्थितियों में जहां मानवीय निर्णय और समझ जरूरी होती है, वहां मानव ऑपरेटरों की भूमिका पहले की तरह महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

एनएचएआई द्वारा प्रोत्साहित कंपनी इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) ने अगली पीढ़ी की 1033 हेल्पलाइन और कॉल सेंटर के विकास, डिजाइन, संचालन और रखरखाव के लिए कंपनियों और समूहों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया है।

आईएचएमसीएल इस नई प्रणाली को विकसित करने के लिए उद्योग विशेषज्ञों से सुझाव और तकनीकी राय भी प्राप्त करेगा, ताकि एक भरोसेमंद, विस्तार योग्य और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रणाली तैयार की जा सके। इसके लिए उद्योग जगत की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को भी ध्यान में रखा जाएगा।

अपग्रेड की गई 1033 हेल्पलाइन से राष्ट्रीय राजमार्गों पर सहायता सेवाएं अधिक तेज, बेहतर समन्वित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक होने की उम्मीद है। तकनीक और मानवीय सहयोग के बेहतर तालमेल के जरिए एनएचएआई देशभर के राजमार्ग उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाना चाहता है।

नई व्यवस्था के तहत कॉल प्राप्त करने और जरूरत वाली जगह पर सहायता भेजने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी। कॉल करने वाले की लोकेशन रियल-टाइम में प्राप्त होने से आपातकालीन टीमें तेजी से मौके पर पहुंच सकेंगी। एआई की मदद से विभिन्न भारतीय भाषाओं में की गई कॉल को समझा जा सकेगा।

इसके अलावा, स्मार्ट और इंटेलिजेंट सिस्टम यह तय करने में मदद करेंगे कि किसी घटना स्थल पर कौन सी सेवा सबसे उपयुक्त रहेगी, जैसे एम्बुलेंस, क्रेन या गश्ती वाहन। यह प्रणाली राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को दुर्घटनाओं और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं के बारे में समय पर जानकारी और सलाह भी उपलब्ध कराएगी।

नई 1033 हेल्पलाइन से हेल्पलाइन सेवा, आपातकालीन एजेंसियों और राष्ट्रीय राजमार्ग संचालन टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सकेगा।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.