Delhi News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। अभियान के दौरान दिल्ली में लगभग 13,820 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
सोमवार की इसकी जानकारी देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक तक उनकी 25 वर्ष की जनसेवा यात्रा का यह अवसर पूरे देश, प्रत्येक भारतीय और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। प्रधानमंत्री ने निरंतर जनसेवा को अपना ध्येय बनाया है। उनकी कार्यशैली और सेवा के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनका सदैव यह आग्रह रहा है कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के लिए सत्ता जनसेवा का माध्यम है, न कि सुख-सुविधाओं का साधन। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विभाग को जनसेवा से जुड़े विशेष कार्यक्रम और परियोजनाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर एक विशेष मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। दिल्ली सरकार के शिविर में एक ही दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करेगा। इन शिविरों के माध्यम से लगभग 25,000 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी।
श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण
रेखा गुप्ता ने बताया कि श्रम विभाग दिल्ली में काम करने वाले श्रमिकों और निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा। अभियान के दौरान श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा और उनके स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी। श्रमिकों को सरकारी सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए उनका पंजीकरण महत्वपूर्ण है। इस अभियान के माध्यम से श्रमिकों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दिल्ली में अंगदान के लिए आधिकारिक मंच का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने अंगदान को जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि दिल्ली में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक आधिकारिक मंच स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (एसओटीटीओ) तैयार किया गया है। यह केंद्र सरकार द्वारा संचालित व्यवस्था के अनुरूप बनाया गया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान इस मंच का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिल्ली में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना है। साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित बाल देखभाल केंद्रों में बच्चों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के विकास, देखभाल और कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली के प्रत्येक वार्ड और विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी विकास विभाग और दिल्ली नगर निगम के सहयोग से दिल्ली के प्रत्येक वार्ड, विधानसभा क्षेत्र और विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ‘स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के दौरान स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। यमुना की सफाई से जुड़ी लगभग 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास सेवा संकल्प अभियान के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही यमुना की सफाई को लेकर बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता 5 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें चित्रकला, भाषण और रील बनाने की प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। दिल्ली के लगभग 5,000 स्कूलों के 5 लाख विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें दिल्ली सरकार के स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूल, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और नगर निगम के विद्यालय भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों को भी जोड़ा जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपने विचार, कल्पना और विकसित भारत के अपने दृष्टिकोण को सामने रखने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत दिल्ली के लाभार्थी अपने-अपने घरों में दीप जलाकर माननीय प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देंगे। प्रधानमंत्री ने अपने 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक दिन और प्रत्येक क्षण देश और जनता की सेवा की है। उनके प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
70 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा सेतु’ अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाया जाएगा। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में सरकारी अधिकारी उपस्थित रहेंगे और पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराने, योजनाओं की जानकारी देने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे।


Download Android App
Download iOS App




