शुक्रवार से दिल्ली और कश्मीर के बीच शुरू होगी मालगाड़ी सेवा: उत्तरी रेलवे

Summary :

जम्मू, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तरी रेलवे के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि शुक्रवार से नई दिल्ली के आदर्श नगर से कश्मीर के बडगाम के बीच संयुक्त पार्सल प्रोडक्ट रैपिड कार्गो सर्विस (जेपीपी-आरसीएस) ट्रेन चलाई जाएगी। उत्तरी रेलवे के बयान के अनुसार, यह ट्रेन नई दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन और मध्य कश्मीर के बडगाम के बीच संचालित होगी। अधिकारियों ने कहा कि इससे घाटी के व्यापारियों, खासकर फल उत्पादकों और हस्तशिल्प कारीगरों को बड़ी राहत मिलेगी। आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह सेवा फिलहाल 31 मई तक ट्रायल आधार पर नियमित रूप से चलाई जाएगी। इसके बाद…

जम्मू, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तरी रेलवे के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि शुक्रवार से नई दिल्ली के आदर्श नगर से कश्मीर के बडगाम के बीच संयुक्त पार्सल प्रोडक्ट रैपिड कार्गो सर्विस (जेपीपी-आरसीएस) ट्रेन चलाई जाएगी।

उत्तरी रेलवे के बयान के अनुसार, यह ट्रेन नई दिल्ली के आदर्श नगर स्टेशन और मध्य कश्मीर के बडगाम के बीच संचालित होगी।

अधिकारियों ने कहा कि इससे घाटी के व्यापारियों, खासकर फल उत्पादकों और हस्तशिल्प कारीगरों को बड़ी राहत मिलेगी।

आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह सेवा फिलहाल 31 मई तक ट्रायल आधार पर नियमित रूप से चलाई जाएगी। इसके बाद यात्रियों और माल की मांग (ऑक्यूपेंसी) संतोषजनक रहने पर इसे स्थायी सेवा में शामिल किया जा सकता है।

ट्रेन संख्या 00462 बडगाम से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे दिल्ली के आदर्श नगर पहुंचेगी।

रास्ते में माल चढ़ाने और उतारने की सुविधा के लिए ट्रेन बाड़ी ब्राह्मण और अंबाला कैंट स्टेशन पर भी निर्धारित ठहराव करेगी।

बयान में कहा गया कि बाड़ी ब्राह्मण रेलवे स्टेशन पर ट्रेन 00462 का समय व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदला गया है।

वापसी यात्रा में ट्रेन संख्या 00461 आदर्श नगर से सुबह 5 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे बडगाम पहुंचेगी। इस विशेष पार्सल ट्रेन में आठ पार्सल वैन और एक सीटिंग-कम-लगेज कोच होगा।

रेलवे के अनुसार, यह सेवा सड़क परिवहन की तुलना में ज्यादा तेज होगी और 23-24 घंटे में दूरी तय करेगी, जिससे सेब और चेरी जैसे जल्दी खराब होने वाले सामान ताजे बने रहेंगे।

बयान में कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और केसर, अखरोट, पश्मीना शॉल और अन्य हस्तशिल्प उत्पादों को देश भर के बाजारों तक तेजी से पहुंचाना है।

सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने पत्रकारों को बताया कि व्यापारियों और किसानों की लगातार मांग को देखते हुए 17 अप्रैल से 31 मई तक इस पार्सल ट्रेन को नियमित रूप से चलाने का फैसला लिया गया है।

–आईएएनएस

डीबीपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.