नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लखीसराय में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मृतकों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया, जिसमें सात लोगों की जान चली गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बिहार के लखीसराय में भगदड़ के कारण हुई जानमाल की हानि से व्यथित हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।”
भगदड़ में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस घटना के कारण मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि सावन के पवित्र महीने के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रार्थना और अनुष्ठान करने के लिए एकत्रित हुए थे।
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मैं मर्माहत हूं।
नीतीश कुमार ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। उन्होंने हादसे में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि राज्य सरकार एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि घायलों के समुचित इलाज तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहे।
–आईएएनएस
एसएचके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



