प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पुणे मेट्रो लाइन-3 का करेंगे उद्घाटन

Summary :

पुणे, 3 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बहुप्रतीक्षित पुणे मेट्रो लाइन-3 (मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर) का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजीत पवार मुख्य अतिथियों के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस नई लाइन पर यात्री सेवाएं आधिकारिक तौर पर 4 नवंबर को सुबह 6:00 बजे शुरू होंगी। पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमआरडीए) के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि पुणे मेट्रो लाइन-3…

पुणे, 3 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बहुप्रतीक्षित पुणे मेट्रो लाइन-3 (मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर) का उद्घाटन करेंगे।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजीत पवार मुख्य अतिथियों के रूप में शामिल होंगे।

यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस नई लाइन पर यात्री सेवाएं आधिकारिक तौर पर 4 नवंबर को सुबह 6:00 बजे शुरू होंगी।

पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमआरडीए) के आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि पुणे मेट्रो लाइन-3 एक 23.203 किलोमीटर लंबा, पूरी तरह से एलिवेटेड (ऊंचाई पर बना) मेट्रो कॉरिडोर है, जिसे ‘पुणेरी मेट्रो’ और ‘पिंक लाइन’ के नाम से भी जाना जाता है। मान से शुरू होने वाला यह रूट हिंजवडी के राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क से होकर गुजरता है और पुणे के प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्र, शिवाजीनगर को जोड़ता है।

भूमि अधिग्रहण और यूटिलिटी शिफ्टिंग (उपयोगिता सेवाओं को स्थानांतरित करने) सहित इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 8,313 करोड़ रुपये है। इसे केंद्र सरकार की ‘नेशनल मेट्रो रेल पॉलिसी, 2017’ के तहत डीबीएफओटी (डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण) पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर तैयार किया गया है।

इस लाइन पर कुल 23 स्टेशन हैं, जिनमें से 17 स्टेशन 3 नवंबर से यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इनमें से सात स्टेशनों पर फिलहाल केवल एक सीढ़ी (स्टेयरकेस) चालू रहेगी।

मेट्रो से उतरने के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा में कोई परेशानी न हो, इसके लिए ‘मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन’ (विभिन्न परिवहन साधनों का एकीकरण) लागू किया जा रहा है।

सड़क यातायात के साथ-साथ पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए अलग साइकिल ट्रैक, चौड़े फुटपाथ, पैदल यात्री क्रॉसिंग और फुट ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। डॉ. अभिजीत चौधरी ने कहा कि इससे ट्रैफिक जाम को कम करने में काफी मदद मिलेगी, खासकर हिंजवडी इलाके में।

इस प्रोजेक्ट के तहत कुल 7.60 मेगावाट की सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता स्थापित की गई है, जिसमें मेट्रो स्टेशनों पर 6.10 मेगावाट और कार डिपो में 1.50 मेगावाट शामिल हैं। यह हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) प्रोजेक्ट की कुल बिजली जरूरतों का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा पूरा करेगी।

पुणे मेट्रो लाइन-3 की सभी ट्रेनें लगभग 100 महिला ट्रेन पायलटों द्वारा चलाई जाएंगी। इसके अलावा, स्टेशन कंट्रोलर, टिकट स्टाफ और स्टेशन अटेंडेंट सहित कुल स्टेशन स्टाफ का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का होगा।

डॉ. अभिजीत चौधरी ने बताया कि यह पहल महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता और आधुनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रति एक मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.