राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आईपीएस प्रोबेशनर्स के साथ स्मार्ट और संवेदनशील पुलिसिंग का मंत्र किया साझा

Summary :

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवा पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे नागरिकों के प्रति खुद को श्रेष्ठ समझने के बजाय, उनके प्रति संवेदनशीलता के साथ सेवा करने की भावना विकसित करें। राष्ट्रपति भवन में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 78 आरआर (2025 बैच) के प्रोबेशनर्स को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिकों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन (गवर्नेंस) के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा, “जब पुलिस व्यवस्था ठीक से काम करती है तो लोग मानते हैं कि शासन अच्छा है।” राष्ट्रपति…

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवा पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे नागरिकों के प्रति खुद को श्रेष्ठ समझने के बजाय, उनके प्रति संवेदनशीलता के साथ सेवा करने की भावना विकसित करें।

राष्ट्रपति भवन में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 78 आरआर (2025 बैच) के प्रोबेशनर्स को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिकों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन (गवर्नेंस) के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा, “जब पुलिस व्यवस्था ठीक से काम करती है तो लोग मानते हैं कि शासन अच्छा है।”

राष्ट्रपति ने कहा, “जब कोई पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता और ध्यान से लोगों की शिकायतों को सुनता है तो उन्हें बहुत बड़ा सहारा मिलता है।”

उन्होंने आईपीएस अधिकारियों से आग्रह किया कि वे सामाजिक या आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के डर को दूर करने और उनकी शिकायतों का समाधान करने को प्राथमिकता दें, क्योंकि ऐसे लोगों की अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच नहीं होती है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति ने कहा कि व्यवस्था में काम करने वाले कुछ कर्मचारी, वरिष्ठ अधिकारियों की तुलना में तकनीक के इस्तेमाल में अधिक कुशल हो सकते हैं।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सलाह दी कि वे अपनी टीम के सबसे कनिष्ठ (जूनियर) सदस्यों से भी सीखने में संकोच न करें।

राष्ट्रपति मुर्मु ने उनसे कहा कि वे अपनी कार्यशैली में जनभागीदारी और टीम वर्क को बढ़ावा दें, और अपनी टीम के सदस्यों की क्षमताओं और उत्साह को बढ़ाने के लिए उनके कल्याण को प्राथमिकता दें।

राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को पुलिसिंग से जुड़े कानूनों और नियमों से काफी अधिकार तो मिल जाते हैं, लेकिन लोगों के बीच उन्हें असली सम्मान उनके काम और उनके मूल्यों (वैल्यू सिस्टम) के आधार पर ही मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उनके मन में नागरिकों के प्रति श्रेष्ठता की भावना नहीं, बल्कि उनकी सेवा करने की प्रतिबद्धता होनी चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि लोगों के बीच डर पैदा करने के लिए गलत जानकारी (मिसइन्फॉर्मेशन) फैलाना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। आसानी से प्रभावित होने वाले लोग, खासकर युवा, इस तरह की सुनियोजित गलत जानकारी के बहकावे में आ सकते हैं।

इस तरह की शरारतें स्थानीय, क्षेत्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर भी हो सकती हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ के जरिए ऐसी स्थितियों को बहुत अधिक चुनौतीपूर्ण और बड़ा होने से रोका जा सकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि साइबर अपराध व्यापक और अधिक गंभीर होते जा रहे हैं। पुलिस को साइबर अपराधों की गंभीरता के बारे में समाज को और अधिक जागरूक करना होगा।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पुलिस अधिकारियों को ऐसे अपराधों के प्रति अपने दृष्टिकोण में बदलाव लाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘डीप-फेक’ कंटेंट लोगों के लिए नए खतरे पैदा कर रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से हमेशा एक कदम आगे रहें।

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.