खड़गे की ‘अनपढ़ गुजराती’ वाली टिप्पणी का विरोध तेज, कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लोगों ने किया प्रदर्शन

Summary :

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘अनपढ़ गुजराती’ टिप्पणी पर विवाद लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को गुजरात के लोगों ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। दिल्ली में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर और नारेबाजी करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। एक प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि ऐसी टिप्पणियां गुजरात के लोगों का अपमान करती हैं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नजरअंदाज…

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘अनपढ़ गुजराती’ टिप्पणी पर विवाद लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को गुजरात के लोगों ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।

दिल्ली में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर और नारेबाजी करते हुए अपना गुस्सा जाहिर किया। एक प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि ऐसी टिप्पणियां गुजरात के लोगों का अपमान करती हैं और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नजरअंदाज करती हैं।

एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा, “स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महात्मा गांधी, जो गुजरात से ही थे, ने एक अहम भूमिका निभाई थी। आज, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे नेता हमें गौरवान्वित कर रहे हैं और विकास में योगदान दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी का राज्यों में अपना जनाधार कमजोर पड़ रहा है और ऐसे बयान उनकी हताशा को दर्शाते हैं। मुझे समझ नहीं आता कि ऐसी टिप्पणियां करने से उन्हें क्या हासिल होता है।”

एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, “गुजराती पढ़े-लिखे और मेहनती होते हैं और इसीलिए वे सफल हो रहे हैं। जो लोग गुजरातियों को गाली दे रहे हैं, वे गलत हैं। गुजराती पढ़े-लिखे हैं और इसीलिए वे देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “महात्मा गांधी गुजरात से थे, जिन्होंने हिंदुस्तान को आजाद कराने में भूमिका निभाई। कांग्रेसी किस हैसियत से गुजरातियों को गाली देते हैं? उन्हें पहले अपने अंदर की स्थिति देखनी चाहिए।”

आईएएनएस से बात करते हुए भाजपा सांसद धवल पटेल ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया, “खड़गे ने अपने केरल चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि गुजरात के छह करोड़ लोग अनपढ़ हैं। इससे गुजरातियों में भारी गुस्सा है और इसीलिए हम विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है, जब ऐसी टिप्पणियां की गई हैं। इससे पहले राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने भी इसी तरह की टिप्पणियां की हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे बयान गुजरातियों के प्रति एक नकारात्मक रवैये को दर्शाते हैं। भाजपा सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस राजनीतिक हताशा के चलते ऐसी टिप्पणियां करती है, क्योंकि उसे पता है कि इस राज्य में उसके जीतने की संभावनाएं बहुत कम हैं।

बता दें कि 5 अप्रैल को केरल में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात के लोगों पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने अपने भाषण में कहा, “केरल के लोग ‘शिक्षित और समझदार’ हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता। आप (भाजपा) गुजरात या दूसरी जगहों के उन लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं जो अनपढ़ हैं, लेकिन आप केरल के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते।”

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.