पुडुचेरी, 7 अगस्त (आईएएनएस)। पुडुचेरी विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर ए. अनबलगन ने शुक्रवार को कहा कि 2026-27 का बजट 24 अगस्त को पेश किया जाएगा। इसी दिन सदन की बैठक फिर से होगी, जिसका पहला सत्र मई में हुआ था।
पुडुचेरी विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए स्पीकर ने बताया कि 24 अगस्त को सुबह 9:30 बजे उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन के संबोधन के साथ कार्यवाही शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, जिनके पास वित्त विभाग भी है, दोपहर 3 बजे साल 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
स्पीकर अनबलगन ने बताया कि 16वीं पुडुचेरी विधानसभा की पहली बैठक 20 मई को हुई थी, लेकिन उसके बाद सत्र को स्थगित कर दिया गया था।
उन्होंने कहा कि जनता के लिए विधानसभा की कार्यवाही को विधानसभा की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और स्थानीय टीवी चैनलों पर लाइव देखने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि सत्र की अवधि तय करने के लिए बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि सदन में पेश किए गए बिल और अन्य दस्तावेज विधानसभा की वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे।
उपराज्यपाल कैलाशनाथन ने 13 मई को लोक निवास में आयोजित एक समारोह में एन. रंगासामी को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के तौर पर रिकॉर्ड पांचवीं बार पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी।
इस सप्ताह की शुरुआत में, पुडुचेरी में छह मंत्रियों को विभाग आवंटित किए गए थे।
मुख्यमंत्री रंगासामी ने अपने पास महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं, जैसे गोपनीय और कैबिनेट विभाग; योजना और वित्त; कार्मिक और प्रशासनिक सुधार; सहकारिता; राजस्व और आबकारी; सामान्य प्रशासन; स्वास्थ्य और परिवार कल्याण; हिंदू धार्मिक संस्थान; वक्फ बोर्ड; स्थानीय प्रशासन; शहरी बुनियादी सेवाएं; परिवहन; विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण; नगर और ग्राम नियोजन; सूचना और प्रचार; अग्निशमन सेवाएं; और अन्य विषय जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए थे।
–आईएएनएस
एससीएच
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



