चंडीगढ़, 11 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने बुधवार को राज्य की भगवंत मान सरकार के ‘स्वास्थ्य क्रांति’ के दावों पर सवाल उठाते हुए स्वास्थ्य बजट, विज्ञापन खर्च और भर्ती प्रक्रिया पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य सरकार ने ‘शिक्षा क्रांति’ के नाम पर व्यापक प्रचार किया, जबकि राज्य में 60 प्रतिशत प्रिंसिपल पद (1,153) और 35,000 शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, उसी तरह स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दावों और वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है।
चंडीगढ़ में जारी एक बयान में विजय सांपला ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट ‘हेल्थ डायनेमिक्स ऑफ इंडिया: 2024-25’ का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब के 84 ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में से एक भी ऐसा नहीं है, जहां चारों प्रमुख विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हों। इनमें सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में स्वीकृत 268 विशेषज्ञ पदों में से 224 पद, यानी लगभग 84 प्रतिशत पद खाली हैं और केवल 44 विशेषज्ञ डॉक्टर ही कार्यरत हैं।
भाजपा नेता के अनुसार, 67 स्वीकृत सर्जन पदों में केवल 10, 71 स्त्री रोग विशेषज्ञ पदों में केवल 11, 56 फिजिशियन पदों में केवल 8 और 74 बाल रोग विशेषज्ञ पदों में केवल 15 डॉक्टर तैनात हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आपातकालीन सर्जरी के लिए जरूरी 29 एनेस्थेटिस्ट पदों में से 26 पद खाली हैं।
सांपला ने कहा कि 79 शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में से केवल तीन पूरी तरह स्टाफयुक्त हैं, जबकि 346 स्वीकृत पदों में से 225 पद खाली पड़े हैं।
उन्होंने दावा किया कि उपमंडल अस्पतालों में 575 स्वीकृत डॉक्टर पदों में से केवल 235 पद भरे गए हैं, जबकि 661 विशेषज्ञ पदों में से सिर्फ 390 पदों पर नियुक्तियां हैं।
इसी तरह जिला अस्पतालों में 570 डॉक्टर पदों में से केवल 328 और 713 विशेषज्ञ पदों में से 533 पद ही भरे गए हैं।
सांपला ने कहा कि इन आंकड़ों पर स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह की चुप्पी राज्य सरकार की विफलता को दर्शाती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने मोहल्ला क्लीनिकों के प्रचार के नाम पर पंजाब की पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।
भाजपा ने मांग की है कि राज्य सरकार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में डॉक्टरों तथा विशेषज्ञों के सभी रिक्त पदों को तय समय सीमा के भीतर भरने की योजना घोषित करे।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



