तिरुवनंतपुरम, 3 नवंबर (आईएएनएस)। केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे प्रचार, राजनीतिक धोखे और लोगों को बांटने की कोशिशों का सहारा ले रही है।
वे तिरुवनंतपुरम में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ के समापन पर बोल रहे थे। इस मार्च में भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यह मार्च आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज जंक्शन से शुरू होकर मनावीयम वीथी पर समाप्त हुआ।
भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस पर मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री ने पहले इस प्रक्रिया का समर्थन किया था और कहा था कि किसी भी पात्र मतदाता को सूची से बाहर नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली और कपिल सिब्बल ने भी एसआईआर के पक्ष में बात की थी। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह अब इस प्रक्रिया का विरोध क्यों कर रही है और दिल्ली में जिसे उन्होंने ‘झूठा प्रचार’ कहा, उसे क्यों फैला रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के अभियान को विफल राजनीतिक दलों और परिवारों द्वारा चलाए जा रहे राजनीतिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। भाजपा नेता ने कांग्रेस और सीपीआई (एम) पर राजनीतिक अशांति पैदा करने के लिए हाथ मिलाने का भी आरोप लगाया।
रामलीला मैदान में उनके संयुक्त कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद ये दोनों पार्टियां मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने का सपना देख रहे हैं तो ऐसा नहीं होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा और 140 करोड़ भारतीय एक साथ खड़े होंगे।
चंद्रशेखर ने कहा कि जनता ने 2014 में एक ‘नए भारत’ को चुना था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर बढ़ रहा है और राहुल गांधी, पिनाराई विजयन, एमए बेबी या अखिलेश यादव में से कोई भी इस सफर को रोक नहीं सकता।
उन्होंने केरल में पीएससी (लोक सेवा आयोग) नौकरी के उम्मीदवारों की समस्याओं पर राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस नेता भर्ती संबंधी मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों के बारे में कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं। चंद्रशेखर ने आगे आरोप लगाया कि पिनाराई विजयन सरकार के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस नरम रुख अपना रही है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और सीपीआई-एम अपने राजनीतिक हितों को बचाने के लिए एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एएसएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



