कोच्चि, 30 सितंबर (आईएएनएस)। केरल की कलामसेरी पुलिस ने ‘रिपोर्टर टीवी’ के विवादित मैनेजिंग डायरेक्टर एंटो ऑगस्टीन को एक नया नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में गुरुवार को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने शुरू में ऑगस्टीन से सोमवार को पेश होने के लिए कहा था। हालांकि, वह पेश नहीं हुए। उनके वकील ने पुलिस को बताया कि ऑगस्टीन शहर में नहीं हैं और 5 अक्टूबर के बाद ही पेश हो पाएंगे।
पुलिस ने यह अनुरोध ठुकरा दिया और कहा कि वे उन्हें इतना समय नहीं दे सकते। इसके बाद उन्हें एक नया नोटिस जारी कर गुरुवार को कलामासेरी पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश दिया गया।
ऑगस्टीन ने पहले संकेत दिया था कि वह एफआईआर को रद्द कराने के लिए केरल हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
यह मामला केपीसीसी के प्रवक्ता राजू पी. नायर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। यह मामला ऑगस्टीन द्वारा लगभग दो सप्ताह पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में की गई टिप्पणियों से जुड़ा है।
ऑगस्टीन ने दावा किया था कि दो युवक मुख्यमंत्री की कथित शादी से जुड़े दस्तावेजों के साथ उनसे मिलने आए थे।उन्होंने कहा कि उन्होंने बैंदूर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की थी और वे दस्तावेज उनके पास हैं।
इन टिप्पणियों से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया क्योंकि इन्हें मुख्यमंत्री के निजी जीवन से जुड़ा आरोप माना गया। बाद में राजू पी. नायर ने पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि ऑगस्टीन ने मुख्यमंत्री सतीशन का सार्वजनिक रूप से अपमान करने के इरादे से ये टिप्पणियां की थीं।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि ऑगस्टीन और दो अन्य लोग एक साजिश में शामिल थे और उन्होंने जानबूझकर जाली दस्तावेज अपने पास रखे थे।
पुलिस दस्तावेजों के स्रोत और प्रमाणिकता की जांच कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि वे दस्तावेज ऑगस्टीन के पास कैसे आए।
शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों को जब्त करने और उन्हें तैयार करने में कथित तौर पर शामिल लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की भी मांग की है।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब ऑगस्टीन कई अन्य मामलों में कानूनी कार्यवाही का सामना कर रहे हैं, जिनमें मुट्टिल में पेड़ काटने के मामले भी शामिल हैं।
उन्हें हाल ही में एक आबकारी मामले में भी गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत मिल गई थी। पुलिस अब आरोपों की जांच आगे बढ़ाते हुए गुरुवार को ऑगस्टीन के पेश होने का इंतजार कर रही है।
–आईएएनएस
एससीएच/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



