Dubai Tel Aviv Flight Hijack Signal: दुबई से तेलअवीव जा रहे विमान में इमरजेंसी, पायलट ने भेजा हाइजैक अलर्ट! फ्लाइट डायवर्ट

Summary :

Dubai Tel Aviv Flight Hijack Signal: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में बुधवार को इमरजेंसी 7700 सिग्नल एक्टिवेट होने से हड़कंप मच गया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। इजराइली लड़ाकू विमान भी रवाना किए गए। हालांकि, सरकार ने हाईजैकिंग से इनकार किया है। विमान को सऊदी अरब में उतारकर जांच की जा रही है।

Dubai Tel Aviv Flight Hijack Signal: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट ने बुधवार सुबह अचानक इमरजेंसी सिग्नल एक्टिवेट कर दिया। विमान से मिले इस सिग्नल के बाद इजराइल की सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई। कुछ रिपोर्ट्स में विमान के हाईजैकिंग से जुड़े इमरजेंसी कोड एक्टिवेट करने की बात कही गई, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया।लेकिन, इजराइली सरकार ने फिलहाल इसे हाईजैकिंग की घटना मानने से इनकार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर अभी साफ नहीं है और लैंडिंग के बाद जांच से ही स्थिति स्पष्ट होगी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे। इनमें 100 से ज्यादा इजराइली नागरिक बताए जा रहे हैं। विमान दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में इमरजेंसी सिग्नल मिलने के बाद इसकी उड़ान को लेकर सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव  हो गईं। विमानन अधिकारियों ने बताया कि विमान को सऊदी अरब में उतारा गया। अधिकारी के अनुसार, विमान के जमीन पर उतरने से पहले यह कहना मुश्किल था कि अंदर वास्तव में किस तरह के हालात बने थे।

7700 स्क्वॉक कोड से बढ़ी चिंता

मीडिया के अनुसार, विमान से 7700 स्क्वॉक सिग्नल मिलने के बाद इजराइली मिलिट्री जेट्स को भी रवाना किया गया। विमानन क्षेत्र में 7700 कोड सामान्य तौर पर गंभीर आपात स्थिति का संकेत देता है। इसी दौरान आर्मी रेडियो की रिपोर्ट में दावा किया गया कि विमान ने हाईजैकिंग से संबंधित एक इमरजेंसी कोड एक्टिवेट किया और डिस्ट्रेस सिग्नल भी भेजा। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की स्थिति पर नजर रखना शुरू कर दिया। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इमरजेंसी सिग्नल किस वजह से सक्रिय हुआ था।

विमान के सऊदी अरब में उतरने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसकी विस्तृत जांच करेंगी। अधिकारियों की ओर से विमान के कार्गो होल्ड की भी तलाशी लिए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा विमान के पायलट और क्रू मेंबर्स  के सदस्यों से पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि इमरजेंसी कोड किस परिस्थिति में एक्टिवेट हुआ और विमान से डिस्ट्रेस सिग्नल क्यों भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, पायलट और बाकी क्रू के बीच कम्युनिकेशन को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं। इसलिए फिलहाल किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की गई है।

PM नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ की बैठक

घटना की जानकारी मिलते ही इजराइल ने अपनी एयर डिफेंस सिस्टम  को अलर्ट कर दिया। इजराइली एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों को भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए भेजा गया। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करना चाहती थीं कि अगर विमान में कोई गंभीर समस्या है तो उससे तुरंत निपटा जा सके। इसी वजह से विमान के सऊदी अरब में उतरने तक स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

विमान से जुड़ी घटना के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा और रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई। बैठक में फ्लाइट की स्थिति और उससे जुड़ी संभावित सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें: इजरायली फ्लाइट सऊदी एयरपोर्ट पर हुई लैंड, हाईजैकिंग की आशंका से तेल अवीव का इनकार

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।