जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर कार्यक्रम से पहले कहा कि भाजपा राज्य के नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही, भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद ड्रग्स तस्करों के लिए राज्य खेल का मैदान बन चुका है।
पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ भाजपा के अभियान पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स है। मौजूदा सरकार ड्रग्स को रोकने में नाकाम रही है। केजरीवाल ने कहा था कि तीन महीने में ड्रग्स रोक दिए जाएंगे, लेकिन साढ़े चार साल बाद भी ड्रग्स नहीं रुके हैं। क्योंकि वे ड्रग्स नहीं रोक पाए, इसलिए उन्होंने लोगों की आवाज दबाना शुरू कर दिया।”
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति, राज्य की आर्थिक हालत, बेरोजगारी और युवाओं के लिए नौकरियों की कमी के अलावा किसानों, गरीबों और दलितों से जुड़े मुद्दे भी हैं, जिन्हें अपनी आवाज उठाने नहीं दी जा रही है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज पंजाब में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंच रहे हैं। नशे के खिलाफ भाजपा ने यात्रा निकाली है, जिसमें लोगों का सहयोग मिला और वे यात्रा में जुड़े। यात्रा के दौरान 4000 किलोमीटर से अधिक का सफर तय किया और 117 विधानसभाओं में गांव-गांव गए। हमें पता चला कि लोग हमारे साथ हैं।
उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है। आपने पूरे पंजाब में लोगों का रिस्पॉन्स देखा है। हम गांव-गांव और शहर-शहर गए और बड़ी संख्या में लोग हमारे कैंपेन से जुड़े। आप लोगों की भीड़ का अंदाजा नहीं लगा सकते – 5,000, 7,000 और यहां तक कि 10,000 लोगों की भीड़ जमा हुई। जहां हमें सैकड़ों लोगों के आने की उम्मीद थी, वहां हजारों लोग आए।”
इसी बीच केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “असल बात यह है कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली से बाहर कर दिया गया था और अब वे पंजाब आ गए हैं। वे यहां पंजाब को लूटने आए हैं। हमारे मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए बने घरों पर आम आदमी पार्टी के लोगों ने कब्जा कर लिया है। वे मुख्य प्रशासक के साथ अपने निजी सहायक (पीए) को रखकर जीएमएडीए के कामकाज में भी दखल दे रहे हैं। दिल्ली के लोग पंजाब पर कंट्रोल करना चाहते हैं और यहां के रिसोर्स दिल्ली ले जाना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।”
वहीं, भाजपा नेता जयवीर शेरगिल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर दौरे पर कहा, “भाजपा की ‘नशा-मुक्त पंजाब’ यात्रा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जालंधर आना, इस बात का प्रमाण है कि भाजपा राज्य के नशे के कारोबार को जड़ से उखाड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। 2027 में भाजपा की सरकार आएगी तो पंजाब में नशा हारेगा और पंजाब से केजरीवाल भी दौड़ेगा।”
आम आदमी पार्टी को ‘ऐशो-आराम पार्टी’ बताते हुए जयवीर शेरगिल ने कहा, “इस पार्टी के पंजाब में आने के बाद ड्रग्स तस्करों के लिए राज्य खेल का मैदान बन चुका है। जो लोग नशे के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनकी आवाज राज्य सरकार खुद दबा रही है। यहां तक कि पंजाब सरकार पुलिसकर्मियों से कहती है कि गैंगस्टरों से बचने के लिए घर जाते समय वर्दी पहनकर न जाएं। आज इस सरकार ने पंजाब को रिवर्स-गियर में डालकर धक्का मार दिया है, जिसका बदला जनता 2027 में जरूर लेगी।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



