कोलकाता, 12 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्य की नगर मामलों एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल महिलाओं की आजादी के समर्थन में कोलकाता में एक रैली निकालेंगी। उन्होंने शहर की महिलाओं से इस रैली में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने बुधवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाएं जब चाहें सड़कों पर निकल सकें, अपनी पसंद के कपड़े पहन सकें, क्योंकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
14 अगस्त की रात 9 बजे दक्षिण कोलकाता के बालीगंज शिक्षा सदन स्कूल के सामने लोगों का जुटान होगा।
अग्निमित्रा पॉल के नेतृत्व में रैली वहां से शुरू होकर गोलपार्क तक जाएगी। इसके बाद रैली वापस बालीगंज शिक्षा सदन लौटेगी।
मंत्री ने कहा, “सभी माताएं और बहनें 14 अगस्त की रात आएं। हम रात 9 बजे बालीगंज शिक्षा सदन के सामने जुटेंगे। वहां से पुल पार कर गोलपार्क जाएंगे और फिर वापस बालीगंज शिक्षा सदन लौटेंगे।”
उन्होंने स्कूली छात्राओं से लेकर पत्रकारों तक सभी महिलाओं से इस रैली में शामिल होने की अपील की है।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि वे स्वतंत्रता दिवस से एक रात पहले महिलाओं की आजादी के लिए यह रैली निकालेंगी।
इस संबंध में उन्होंने पूर्व सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यह हमारी अपनी आजादी के लिए रैली है। पिछली सरकार के दौरान हम अक्सर देखते थे कि छह महीने की बच्ची या आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म होने पर भी लड़की को ही दोषी ठहराया जाता था। उसके चरित्र और कपड़ों पर सवाल उठाए जाते थे।”
उन्होंने कहा, “हमें यह भी सुनना पड़ता था कि वह रात 9 बजे घर से बाहर क्यों निकली या 8 बजे बाहर क्यों गई। अब हम ऐसी बातें और नहीं सुनेंगे। कोई हमें यह नहीं बता सकता कि हमें किस समय बाहर जाना चाहिए, क्या पहनना चाहिए या क्या खाना चाहिए। यह सब तय करना हमारा अधिकार है। सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है।”
बता दें कि 9 अगस्त 2024 को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन हुए थे।
उसी वर्ष 14 अगस्त को महिलाओं के लिए ‘रीक्लेम द नाइट’ नाम से रात में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया था।
आरजी कर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग, खासकर महिलाएं, रात में सड़कों पर उतरी थीं।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



