South Delhi Crime News : संगम विहार इलाके में घरेलू विवाद ने एक खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति की हत्या के लिए कॉन्ट्रैक्ट किलर को सुपारी दी। वारदात से पहले पति को नींद की गोलियां खिलाई गईं। इसके बाद आरोपियों ने उसका गला घोंटने, करंट लगाने और डंडे से हमला करने के बाद उसे घर से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मुन्ना लाल के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में उसकी पत्नी मंजू उर्फ नाजिया, कथित कॉन्ट्रैक्ट किलर चमन और उसे पनाह देने वाला किशन शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 हजार रुपये बरामद किए हैं।
डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, सोमवार को संगम विहार थाना पुलिस को रतिया मार्ग पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुन्ना लाल के रूप में होने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ गुरसेवक सिंह और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर रणवीर की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घर के फर्श पर खून साफ करने के निशान मिले। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त था, जिससे पुलिस को वारदात को चोरी का रूप देने की कोशिश का संदेह हुआ।
सीसीटीवी ने खोला हत्या का राज
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में प्रवेश करता और लगभग 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मृतक की पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर हत्या की साजिश का पता चला।
पति से विवाद के चलते रची साजिश
पुलिस के अनुसार, मंजू ने पूछताछ में बताया कि पति के साथ लगातार घरेलू विवाद, आर्थिक परेशानियों, मारपीट और कथित अपमान से वह परेशान थी। इसी वजह से उसने चमन के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि हत्या के बदले चमन को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था और उसे 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। पुलिस ने चमन को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर किशन को भी दबोच लिया। आरोप है कि वारदात के बाद किशन ने चमन को छिपने में मदद की। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



Download Android App
Download iOS App




