बाबू जगजीवन राम की जयंती पर तेलंगाना-आंध्र के सीएम और राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

Summary :

हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पर उनके फोटो पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के वंचित वर्गों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने याद दिलाया कि बाबू जगजीवन राम ने जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपना पूरा जीवन दलितों के…

हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स स्थित अपने आवास पर उनके फोटो पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के वंचित वर्गों और श्रमिक वर्ग के कल्याण के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने याद दिलाया कि बाबू जगजीवन राम ने जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपना पूरा जीवन दलितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबूजी से प्रेरित होकर, तेलंगाना सरकार सामाजिक न्याय और समाज के सभी वर्गों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।

तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने बाबू जगजीवन राम जयंती के अवसर पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बाबू जगजीवन राम को एक कद्दावर राष्ट्रीय नेता, स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय का पुरोधा बताया, जिन्होंने हाशिए पर पड़े लोगों के उत्थान के लिए काम किया। समानता और समावेशी विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने एक प्रगतिशील भारत को आकार देने में मदद की।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि उनकी विरासत हमेशा जीवित रहनी चाहिए, जो आने वाली पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण, समावेशी और दयालु समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती रहे।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने भी बाबू जगजीवन राम को श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक वीर नायक बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि एक समाज सुधारक के रूप में, बाबू जगजीवन राम ने छुआछूत के खिलाफ लड़ाई लड़ी और जनचेतना जागृत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक सांसद के रूप में सेवा करते हुए उन्होंने विधानसभाओं में अपनी काबिलियत साबित की और अपने अंतिम क्षणों तक, वे केवल दलित समुदाय की मुक्ति के लिए ही प्रयासरत रहे।

बाबू जगजीवन राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि आने वाली पीढ़ियां उनकी प्रेरणा को आगे बढ़ाएंगी।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल ने कहा कि जगजीवन राम एक महान नेता और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने समानता और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम किया। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र-निर्माण में उनका बहुमूल्य योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देशवासियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।

–आईएएनएस

एसके/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.