ऊधम सिंह नगर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ‘कृत्रिम संसद’ में भी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बना पाए। उनका यह बयान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडी गठबंधन की ओर से आयोजित प्रतीकात्मक ‘जनता की महाभियोग’ की कार्रवाई के संदर्भ में आया है।
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि जनता द्वारा नकारे जा चुके लोग सत्ता के बिना बेचैन हैं और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदुओं और सनातन धर्म को मानने वालों का बहुत बड़ा त्योहार है। ऐसे समय में विरोध-प्रदर्शन करने से व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली हाईकोर्ट के आकलन के मुताबिक, इस वजह से 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और उनका परिवार लंबे समय तक देश की संसद चलाता रहा है। अब जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया है तो उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर ‘कृत्रिम संसद’ आयोजित की। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए धामी ने कहा कि वहां भी प्रियंका गांधी वाड्रा पीछे रह गईं और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सका।
दरअसल, इंडी गठबंधन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और अन्य मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जनता की महाभियोग’ की कार्रवाई आयोजित की थी। इसके बाद रविवार को विपक्षी गठबंधन ने राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में ‘दिल्ली चलो’ रैली की। रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि ज्ञानेश कुमार द्वारा की गई ‘वोट चोरी’ सामान्य चोरी नहीं, बल्कि कानूनी भाषा में ‘दुर्लभ से दुर्लभतम’ श्रेणी का मामला है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर ईवीएम के इस्तेमाल और देश की मतदाता सूचियों से 13.5 करोड़ नाम हटाने के जरिए वोट चोरी करने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लिए ज्ञानेश कुमार ने जो किया है, वह देशद्रोह और प्रत्येक नागरिक की आवाज की चोरी के समान है।
उन्होंने यह भी कहा था कि संविधान और लोकतंत्र पर हमला करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी परिणाम भुगतने होंगे।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



