हैदराबाद, 24 मार्च (आईएएनएस)। तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष के बीच प्रदेश अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री टी. जीवन रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें पार्टी छोड़ने का फैसला वापस लेने की अपील की।
मंगलवार को जगतियाल में हुई इस मुलाकात में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने जीवन रेड्डी से इस्तीफा न देने का अनुरोध किया है।
महेश कुमार गौड़ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जीवन रेड्डी का व्यापक राजनीतिक अनुभव है और पार्टी उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं कर सकती। कुछ फैसलों से जीवन रेड्डी आहत हैं, लेकिन उनसे आग्रह किया गया है कि वे अपने निर्णय पर दोबारा विचार करें।
जीवन रेड्डी ने रविवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने का ऐलान किया था, जिससे उनका करीब चार दशक पुराना पार्टी से जुड़ाव खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने अपने फैसले के पीछे पार्टी में दलबदल कर आए विधायकों के बढ़ते दखल को वजह बताया।
जीवन रेड्डी ने कहा, “सम्मान सबसे ऊपर होता है, और इसके बिना राजनीति में बने रहने का कोई मतलब नहीं है।”
उन्होंने जगतियाल के विधायक एम. संजय कुमार पर भी आरोप लगाया कि वे जिले में पार्टी के वफादार कार्यकर्ताओं के हितों को नजरअंदाज कर रहे हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने मेहनत करके पार्टी को सत्ता तक पहुंचाया, उन्हें अब महत्व नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे खुले पत्र में कहा कि अपमान और मानसिक तनाव के बीच पार्टी में बने रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने 25 मार्च को जगतियाल में होने वाली बैठक में कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करते हुए आगे की रणनीति तय करने के लिए सुझाव मांगे हैं।
बताया जा रहा है कि जीवन रेड्डी और संजय कुमार के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है। संजय कुमार उन 10 विधायकों में शामिल हैं, जो 2024 में बीआरएस छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। 2023 के चुनाव में जीवन रेड्डी को संजय कुमार से हार का सामना करना पड़ा था।
हाल ही में जगतियाल जिले में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी उस समय खुलकर सामने आई, जब नगर निकाय चुनाव के लिए टिकट बंटवारे में संजय कुमार गुट को ज्यादा तरजीह मिलने पर जीवन रेड्डी ने नाराजगी जाहिर की थी।
–आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



