कोलकाता, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कथित विवाहेतर संबंध के चलते एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विक्की का परिवार दिल्ली में रहता है। वह शादीशुदा था और उसके दो नाबालिग बच्चे हैं।
वह कभी-कभी आसनसोल के सालनपुर इलाके में रूपनारायणपुर चौकी के अंतर्गत हिंदुस्तान केबल्स क्षेत्र के एक क्वार्टर में रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके की एक शादीशुदा महिला के साथ विक्की की नजदीकियों को लेकर काफी तनाव था।
गुरुवार शाम को विक्की, मंटू यादव नाम के एक व्यक्ति के घर गया। कुछ लोगों का दावा है कि विक्की का मंटू की पत्नी के साथ अफेयर था। जब मंटू को पता चला कि विक्की उसके घर गया है, तो वह काम छोड़कर घर आ गया। घर पहुंचने पर दोनों के बीच बहस और हाथापाई हुई।
आरोप है कि मंटू ने कुछ परिचितों के साथ मिलकर विक्की को अपने घर में बंद कर लिया और उसकी बुरी तरह पिटाई की। मृतक के पिता का दावा है कि उनके बेटे को एक झूठे आरोप के तहत और पूरी साजिश रचकर पीटा गया। पिता ने कहा, “इसी वजह से उसकी जान चली गई।”
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने विक्की को खून से लथपथ हालत में बचाया। गंभीर चोटें आने के कारण उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो डॉक्टरों ने उसे आसनसोल जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
विक्की के परिवार की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम सुरेंद्र यादव और दीपक यादव हैं, जो मंटू के परिचित बताए जाते हैं।
रूपनारायणपुर चौकी की पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आसनसोल कोर्ट में पेश किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। जिस महिला के साथ विक्की के कथित संबंध थे, उसे भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
–आईएएनएस
डीके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



