कड़ी सुरक्षा के बीच देशभर में यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 परीक्षा जारी

Summary :

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) रविवार को पूरे देश में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (सीएसई प्रीलिम्स) आयोजित कर रहा है। इस साल, लगभग 933 पदों के लिए यूपीएससी सीएसई 2026 में कुल 8,19,372 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। यूपीएससी सीएसई की प्रारंभिक परीक्षा दो सत्रों में ऑफलाइन ओएमआर फॉर्मेट में आयोजित की जा रही है। जनरल स्टडीज पेपर I सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ, जबकि सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीएसएटी) पेपर II दोपहर में आयोजित किया जाएगा। एक वैध फोटो आईडी के साथ-साथ, उम्मीदवारों को अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर अपने ई-एडमिट कार्ड की प्रिंटेड…

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) रविवार को पूरे देश में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (सीएसई प्रीलिम्स) आयोजित कर रहा है।

इस साल, लगभग 933 पदों के लिए यूपीएससी सीएसई 2026 में कुल 8,19,372 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है।

यूपीएससी सीएसई की प्रारंभिक परीक्षा दो सत्रों में ऑफलाइन ओएमआर फॉर्मेट में आयोजित की जा रही है। जनरल स्टडीज पेपर I सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ, जबकि सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूड टेस्ट (सीएसएटी) पेपर II दोपहर में आयोजित किया जाएगा।

एक वैध फोटो आईडी के साथ-साथ, उम्मीदवारों को अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर अपने ई-एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी प्रस्तुत करना अनिवार्य है। परीक्षा के सुचारू और निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी निगरानी, ​​जैमर और गहन जांच सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं।

अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि वे संतोषजनक नतीजों के साथ परीक्षा पास कर लेंगे। अभ्यर्थी नई दिल्ली के पुष्प विहार स्थित केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचे और परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।

आईएएनएस से ​​बात करते हुए एक अभ्यर्थी ने कहा कि मैं थोड़ा घबराया हुआ हूं, लेकिन मैंने अच्छी तैयारी की है। मुझे उम्मीद है कि मैं परीक्षा पास कर लूंगा। एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा कि तैयारी की कोई तय सीमा नहीं होती; हम लगातार तैयारी करते रहते हैं।

यूपी के प्रयागराज में परीक्षा देने वाले अभयर्थी परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले ही पहुंच गए, जहां सुरक्षा और जांच के कड़े इंतजाम किए गए थे।

एक युवक ने आईएएनएस को बताया कि केंद्र पर इंतजाम बहुत अच्छे हैं। उम्मीदवारों को अंदर जाने की अनुमति देने से पहले उनके बायोमेट्रिक्स और रेटिना स्कैन की जांच की जा रही है।

एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि इंतजाम अच्छे हैं। मुझे परीक्षा को लेकर अच्छा महसूस हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि मैं अच्छा करूंगा।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में यह परीक्षा 21 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में लगभग 6,652 उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं।

यूपीएससी परीक्षा केंद्र के प्रभारी और एसडीएम विनोद सिंह ने आईएएनएस से ​​बात करते हुए व्यवस्थाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए जिले में यूपीएससी द्वारा कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हमने सभी परीक्षा केंद्रों के लिए आठ रूट इंचार्ज नियुक्त किए हैं, जो इस समय सभी केंद्रों तक प्रश्न पत्र पहुंचा रहे हैं।

एक परीक्षार्थी ने आईएएनएस से ​​बात करते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। मुझे उम्मीद है कि यह अच्छी होगी।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.