अलाप्पुझा (केरल), 9 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन ने बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह शर्म की बात है कि ईडी जैसी एजेंसी उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब ईडी ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) के तहत अपनी जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेज राज्य के पुलिस प्रमुख को भेजे हैं। ईडी ने पिनाराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा, दामाद और पूर्व मंत्री पीए मोहम्मद रियास समेत अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है।
ईडी की रिपोर्ट पर पहली बार सार्वजनिक प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि एजेंसी उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं ढूंढ पाई है और वह अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, “यह शर्म की बात है कि ईडी जैसी एजेंसी इस तरह के निराधार आरोप लगा रही है। उसका एकमात्र उद्देश्य किसी भी तरह मेरे खिलाफ आरोप लगाना है, लेकिन उसे अपने आरोपों के समर्थन में कुछ भी ठोस नहीं मिला है।”
सीपीआई(एम) के मन्नार एरिया कमेटी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए विजयन ने कहा कि केरल में उनके खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति कई वर्षों से चल रही है, लेकिन उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश करने वाली ताकतें अपने मकसद में सफल नहीं हुई हैं।
उन्होंने अपनी बेटी वीणा से जुड़े आरोपों को भी हास्यास्पद बताते हुए कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह ओरेकल में काम करती थीं। शादी के बाद उन्होंने वह नौकरी छोड़ दी और विदेश की एक बड़ी कंपनी में कार्य किया। बाद में उन्होंने अपना खुद का उद्यम शुरू किया।
विजयन ने कहा, “वह विदेश में रहकर बड़ी तनख्वाह कमा सकती थीं, लेकिन उन्होंने अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने का फैसला किया।”
उन्होंने कहा कि पहले भी आरोप लगाए गए थे कि उनकी बेटी की कंपनी ने एक ऐसे संस्थान को आईटी सेवाएं दी थीं, जिसे धार्मिक कट्टरपंथियों द्वारा संचालित बताया गया था। उस समय भी उन्होंने आरोप लगाने वालों को चेतावनी दी थी कि उन्हें इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
विजयन ने कहा कि सीएमआरएल से वीणा को सेवाओं के बदले जो भुगतान मिला था, वह पूरी तरह बैंक खातों के माध्यम से हुआ था और उस पर सभी लागू करों का भुगतान भी किया गया था।
उन्होंने कहा, “इन सभी बातों के समर्थन में स्पष्ट दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं।”
पिनाराई विजयन ने विशेष रूप से ईडी के उस दावे पर आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया है कि वीणा ने उनकी ओर से पैसे प्राप्त किए और बाद में यह धन उनके दामाद मोहम्मद रियास के माध्यम से विदेश भेजा गया।
उन्होंने कहा, “सबसे हास्यास्पद बात यह है कि ईडी के अपने निष्कर्षों के अनुसार वीणा को जो भुगतान मिला था, वह उनकी और मोहम्मद रियास की शादी से कई साल पहले का है। उस समय रियास उनके पति भी नहीं थे।”
विजयन ने मीडिया के कुछ वर्गों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ समाचार माध्यमों ने बड़े-बड़े शीर्षकों के साथ यह दावा किया कि उन्होंने 3 करोड़ रुपए की रिश्वत ली है।
उन्होंने कहा, “क्या लोग सिर्फ इसलिए किसी बात पर विश्वास कर लेंगे क्योंकि उसे बड़े अक्षरों में छाप दिया गया है? मीडिया की नाराजगी और नफरत से प्रकाशित खबरें मेरे जीवन को समाप्त नहीं कर सकतीं। मेरा जीवन हमेशा जनता के सामने एक खुली किताब की तरह रहा है।”
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



