मेरी उम्र हो चुकी है इसलिए दिया इस्तीफा , मोदी मेरे काम से हैं खुश : कलराज मिश्र

Summary :

NULL

मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में विस्‍तार होने जा रहा है। ऐसे में कैबिनेट से इस्तीफों की झड़ी लग गई है। मोदी मंत्रिमंडल से लघु और सूक्ष्म उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने भी इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे पर मिश्र ने साफ किया कि उन्होंने अधिक उम्र होने की वजह से मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया है। कलराज मिश्र 75 साल पार कर चुके हैं। ऐसे में पार्टी की सोच के मुताबिक उन्होंने पद छोड़ा है।

सूत्रों की मानें तो रविवार को मंत्रिमंडल में विस्‍तार की घोषणा हो सकती है और इसी के साथ कुछ नए मंत्रियों की मोदी कैबिनेट में एंट्री हो सकती है। कई मंत्रियों ने अपना इस्‍तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंप दिया है। इन मंत्रियों की सूची में अब केंद्रीय उद्योग मंत्री कलराज मिश्र का नाम भी शामिल हो गया है।

वही मिश्र ने आगे कहा कि मेरे परफॉर्मेंस को कोई चैलेंज नहीं कर सकता। कई बड़ी-बड़ी योजनाएं मेरे कार्यकाल में बनीं। लाखों लोग इससे लाभांवित हुए हैं और मेरे काम की तारीफ खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल मैं अभी सांसद हूं लेकिन आने वाले दिनों में पार्टी जो भी रोल मुझे देगी उसे अदा करुंगा।

बता दें कि कलराज मिश्र से पहले बंडारू दत्तात्रेय, राजीव प्रताप रूडी, संजीव बालयान और फगन सिंह कुलास्‍ते भी इस्‍तीफा दे चुके हैं। ऐसी खबरें मिल रही हैं कि मोदी मंत्रिमंडल में जेडीयू के दो मंत्रियों को भी शामिल किया जा सकता है।

मोदी सरकार रविवार अपनी मंत्रिमंडल में फेरबदल करेंगे। मई 2014 में मोदी सरकार के केंद्र में सत्ता संभालने के बाद यह मंत्रिमंडल में तीसरा फेरबदल होगा।

Desk Team