Jammu Police Raid : जम्मू संभाग में आतंकवाद को खत्म करने के उद्देश्य से पुलिस ने पिछले 48 घंटों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। जैश और लश्कर आदि आतंकी संगठनों से जुड़े 56 ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी हुई। इस दौरान आतंकियों के विभिन्न विभिन्न ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) और संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक उपकरण, आपत्तिजनक दस्तावेज, बड़ी मात्रा में नकदी, हथियार एवं अन्य साजो-सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उधमुपर, रियासी, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी और पुंछ जिलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
घुसपैठ से जुड़े सबूत मिलने के बाद कार्रवाई
पुलिस ने यह अभियान बीते दो वर्ष में राजौरी, पुंछ, रियासी, उधमपुर, किश्तवाड़ में हुए विभिन्न आतंकी हमलों और सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ के मामलों की जांच के दौरान मिले सुबूतों के आधार पर चलाया है। जम्मू संभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आनंद जैन का कहना है कि तलाशी के दौरान मिले साजो-सामान और जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा। उन्होंने बताया कि जम्मू संभाग में जो तत्व हिंसा फैलाने, आतंकियों की मदद करने, उनके नेटवर्क को तैयार करने में शामिल हैं, उन्हें चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा रहा। अभियान के तहत जम्मू संभाग के 56 जगहों पर छापे मारे गए हैं।
दो दिन में 9 जगहों पर ली गई तलाशी
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो दिन में जिला राजौरी के दरहाल, कालाकोट, मंजाकोट, धर्मसाल में नौ जगहों पर तलाशी ली गई। पुंछ जिले के सुरनकोट, मंडी, पुंछ, मेंढर और गुरसाई में 12 स्थानों पर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई 2023 में थानामंडी पुलिस स्टेशन और इस साल राजौरी पुलिस स्टेशन में दर्ज दो अलग-अलग आतंकी मामलों की जांच का हिस्सा हैं। ये मामले एलओसी के साथ सटे जिला राजौरी और पुंछ में सक्रिय जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर जैसे प्रतिबंधित संगठनों के नेटवर्क से जुड़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



