उत्तर भारत के कई हिस्सों में 28 मई के बाद लू से मिल सकती है राहत, 29-30 मई को आंधी-बारिश की संभावना

Summary :

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच देश में बढ़ता तापमान लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है जिससे लू के प्रकोप से राहत मिल सकती है। राजस्थान में सोमवार को दिन का सर्वाधिक तापमान चूरू में 47.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, वहीं उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद सबसे गर्म रहा जहां तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 
आईएमडी ने रविवार को उत्तर भारत के लिहाज से 25-26 मई के लिए रेड अलर्ट जारी किया जब लू का प्रकोप अपने चरम पर हो सकता है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिन से जबरदस्त गर्मी है और कहीं-कहीं तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर तक जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और पुरवाई हवाओं के कारण दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। श्रीवास्तव ने कहा कि इस अवधि में हवा की रफ्तार भी करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। 

महाराष्ट्र पुलिस पर वैश्विक महामारी का प्रकोप जारी, अब तक 18 की मौत, संक्रमितों की संख्या 1800 के पार

पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती तूफान है जो भूमध्यसागर से पैदा होकर मध्य एशिया में से गुजरता है। हिमालय के संपर्क में आने पर इससे पहाड़ों और मैदानों पर बारिश होती है। आईएमडी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ हिस्सों में लू चल सकती है वहीं कुछ स्थानों पर प्रचंड लू के थपेड़े महसूस किये जा सकते हैं। 
अगले दो-तीन दिन में पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और झारखंड में कुछ-कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है। आईएमडी ने अपने दैनिक बुलेटिन में कहा, ‘‘उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत के मैदानी भागों और इससे लगे पूर्वी भारत के आंतरिक हिस्सों में शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से 28 मई तक इन क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है जो 25 और 26 मई को अपने प्रचंड रूप में रह सकती है।’’ 
मैदानी क्षेत्रों में लू की घोषणा तब की जाती है जब वास्तविक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस होता है, वहीं 47 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक तापमान की स्थिति में तीव्र लू चलती है। आईएमडी किसी मौसम की तीव्रता के आधार पर हरे, पीले, नारंगी या लाल रंग आधारित चेतावनी जारी करता है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि रेड अलर्ट की चेतावनी लोगों को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक घरों से नहीं निकलने की सलाह के साथ जारी की गयी है जिस समय लू का प्रकोप चरम पर होगा। 

Desk Team