प्रोत्साहन पैकेज से किसान, मछुआरों, पशु पालकों और डेयरी क्षेत्र को मदद मिलेगी : पीएम मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार के तीसरे चरण के आर्थिक पैकेज से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मदद मिलेगी और इससे किसानों की आय बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार के तीसरे चरण के आर्थिक पैकेज से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मदद मिलेगी और इससे किसानों की आय बढ़ेगी। 
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘मैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित प्रोत्साहन पैकेज का स्वागत करता हूं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, हमारे मेहनत करने वाले किसान, मछुआरों, पशु पालकों और डेयरी क्षेत्र को मदद मिलेगी।’’ मोदी ने कहा कि वह कृषि क्षेत्र में सुधारों के लिये उठाये गये कदमों का स्वागत करते हैं। इससे किसानों का आय बढ़ेगी।’’ 

 बता दें, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोरोना वायरस महामारी से पस्त अर्थव्यवस्थाको उठाने के लिये घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज की तीसरी किस्त जारी करते हुए शुक्रवार को एक लाख करोड़ रुपये के कृषि बुनियादी संरचना कोष की घोषणा की। इस कोष से उन परियोजनाओं का वित्त पोषण किया जायेगा, जो फसलों की कटाई के बाद प्रबंधन व भंडारण आदि से संबंधित हैं। 
सरकार ने कृषि एवं इससे जुड़े डेयरी, मछलीपालन, मधुमक्खीपालन और औषधीय खेती जैसे क्षेत्रों के लिये 1.63 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की शुक्रवार को घोषणा की। पैकेज का लक्ष्य कृषि उपज के बेहतर रखरखाव, परिवहन और दूसरी जरूरी बुनियादी सुविधाओं के लिये क्षमता निर्माण को मजबूती देना है। 
इसके अलावा सूक्ष्म खाद्य इकाइयों, पशुओं के टीकाकरण, डेयरी क्षेत्र, औषधीय खेती, मधुमक्खी पालन और फलों एवं सब्जियों के लिये भी योजनाओं की घोषणा की गयी। 
सीतारमण ने कहा कि कृषि बुनियादी संरचना कोष के तहत संग्राहकों, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों, कृषि उद्यमियों और स्टार्टअप को एक लाख करोड़ रुपये के कोष से सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि जल्दी ही इस कोष का गठन किया जायेगा। 

Ujjwal Jain