India AI Impact Summit 2026:भारत की राजधानी दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट 2026 होने वाला है। इस समिट में 100 से ज्यादा देश हिस्सा लेंगे और करीब 2 लाख लोग शामिल होंगे। इसमें कई देशों के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और बड़ी टेक कंपनियों के CEO भी शामिल हैं। इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत की तारीफ करते हुए इसे एक “बेहद सफल” उभरती अर्थव्यवस्था बताया, जिसका वैश्विक मामलों में बड़ा प्रभाव है।
UN चीफ ने भारत को दी बधाई
एंटोनियो गुटेरेस India AI Impact Summit 2026 में भाग लेने के लिए भारत आ रहे हैं। इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक इंटरव्यू में गुटेरेस ने कहा कि शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत बिल्कुल सही जगह है। उन्होंने भारत को बधाई देते हुए कहा, “यह जरूरी है कि AI का विकास सभी के फायदे के लिए हो, और ग्लोबल साउथ के देश भी इसके लाभों का हिस्सा बनें।”
UN चीफ ने आगे कहा कि ये बिलकुल अस्वीकार्य होगा कि एआई सिर्फ विकसित देशों का विशेषाधिकार हो या फिर सिर्फ दो महाशक्तियों (अमेरिका और चीन) के बीच बंटा हुआ हो। ये बहुत जरूरी है कि एआई इंसानों के फायदे के लिए एक सार्वभौमिक साधन बने।
Antonio Guterres Praises Emerging Economy: भारत एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है- गुटेरेस

गुटेरेस ने कहा, “भारत एक उभरती हुई अर्थव्यवस्था है और न सिर्फ वैश्विक अर्थव्यवस्था में, बल्कि वैश्विक मामलों में भी अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। इस शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए यह बिल्कुल सही जगह है। यहां एआई पर गहरी चर्चा होगी, इसके अपार संभावनाओं और जोखिमों के बारे में बात की जाएगी, लेकिन एआई पूरी दुनिया का होना चाहिए, न कि सिर्फ कुछ खास लोगों का।”
सच्ची बहुध्रुवीयता का समर्थन करते हैं गुटेरेस
एंटोनियो गुटेरेस ने आगे कहा कि वो दुनिया में सच्ची बहुध्रुवीयता की जरूरत के प्रबल समर्थक हैं। सच्ची बहुध्रुवीयता के लिए, उभरती अर्थव्यवस्थाओं की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है और व्यापार, प्रौद्योगिकी और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग संबंधों का एक मजबूत नेटवर्क स्थापित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा, ‘हम दुनिया भर में, विकसित देशों के साथ-साथ उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक ऐसा नेटवर्क बनते देख रहे हैं। जो किसी भी वर्चस्व के बिना सच्ची बहुध्रुवीयता का निर्माण कर रहा है और बहुपक्षीय संगठनों को प्रभावी होने की अनुमति दे रहा है।’
Global Summit: 16 से 20 फरवरी तक भारत-एआई इम्पेक्ट समिट

आपको बता दें कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक भारत-एआई इम्पेक्ट समिट का आयोजन होगा। इस समिट में दुनियाभर के देशों से प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह ग्लोबल साउथ में होने वाला पहला एआई समिट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट का आगाज करेंगे।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) भारत के विकास सफर, गवर्नेंस को मजबूत करने और पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाने में एक अहम भूमिका निभाता है। यह बड़े पैमाने पर समावेशी विकास को समर्थन करता है और 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण से मेल खाता है। भारत की भाषा और सांस्कृतिक विविधता इसे अलग-अलग लोगों की जरूरतों के हिसाब से कई भाषाएं और कई मॉडल वाले एआई सिस्टम को आगे बढ़ाने की खास जगह देती है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी का ढाका दौरा टला? 17 फरवरी को मुंबई में माइक्रो मीटिंग, बांग्लादेश शपथ पर सस्पेंस


Download Android App
Download iOS App




