नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी के प्रमुख पर्यटन स्थलों इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ कम करने का अभियान शुरू किया है। गर्मी के दिनों में यहां छात्रों, परिवारों और पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण यह कदम उठाया गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मार्च 2026 में इस इलाके में कुल 2253 चालान किए गए। इनमें 1720 चालान अवैध पार्किंग के लिए, 293 कैमरे के जरिए, 180 वाहनों को टो किया गया, जबकि 60 चालान बिना हेलमेट के किए गए।
यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के लिए प्रमुख चौराहों पर रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे मथुरा रोड-भैरों मार्ग, रिंग रोड-भैरों रोड और जनपथ-टॉलस्टॉय मार्ग पर स्थापित किए जा रहे हैं, जो रेड लाइट तोड़ने वालों का स्वतः चालान करेंगे।
पुलिस ने वायलेशन ऑन कैमरा प्रणाली भी लागू की है। इसके तहत यदि कोई वाहन नो-पार्किंग में खड़ा पाया जाता है या नियमों का उल्लंघन करता है, तो पुलिसकर्मी मोबाइल के जरिए चालान जारी कर सकता है। इसके बाद संबंधित व्यक्ति को जुर्माना भरने के लिए कोर्ट में पेश होना होगा।
पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने कई सार्वजनिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। मान सिंह रोड पर नेशनल म्यूजियम के पास पी1 और पी2, जनपथ पर पी5 और रफी मार्ग पर पी6 पार्किंग उपलब्ध है। पी1 पार्किंग में बसों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जबकि अन्य पार्किंग स्थलों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या फुटपाथ पर वाहन पार्क न करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
साथ ही, किसी भी सहायता के लिए नागरिक 112 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मार्गदर्शन ले सकते हैं।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



