भारत पाकिस्तान से अकेले निपटने में सक्षम: रवि शंकर प्रसाद

Summary :

ऑपरेशन सिंदूर पर भारत को वैश्विक समर्थन मिला

भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने लंदन में कहा कि भारत पाकिस्तान से अकेले निपटने की क्षमता रखता है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर आउटरीच’ के दौरान ब्रिटेन के प्रतिनिधियों से सार्थक बातचीत की। इस दौरान आतंकवाद, आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भारत ने पाकिस्तान के आतंकवादी कैंपों पर कार्रवाई की है और वैश्विक समर्थन प्राप्त किया है।

लंदन में ‘ऑपरेशन सिंदूर आउटरीच’ के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि ब्रिटेन के प्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत बेहद सार्थक रही। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “भारत पाकिस्तान से अकेले निपटने की क्षमता रखता है। इसके अलावा आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा हुई, जो सार्थक रही।”

राज्यसभा सदस्य समिक भट्टाचार्या ने कहा, “आतंकवाद की सभी ने निंदा की। उन्हें यह बताया गया कि आने वाले दिनों में आतंकवाद पर भारत का क्या रवैया रहेगा। पाकिस्तान को जो अंतर्राष्ट्रीय फंड मिल रहे हैं, वह उसका इस्तेमाल कैसे कर रहा है। क्या वह पैसे का इस्तेमाल गरीबी हटाने और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए कर रहा है या सिर्फ अपनी सेना को मजबूत करने के लिए इस्तेमाल कर रहा है? हमने इन सभी मुद्दों पर बात की है और हमें संतोषजनक प्रतिक्रिया मिली है।”

यूके थिंक टैंक टीम के प्रोफेसर जगानंद पवन तमवाड़ा ने कहा, “भारत से आए इस प्रतिनिधिमंडल से मिलना सम्मान की बात है। यह प्रतिनिधिमंडल भारत की आवाज बनकर आया है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इस समय की गई बेहद महत्वपूर्ण कार्रवाई थी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना बधाई के पात्र हैं।

वह देश जो दुनिया को शांति का संदेश देता है, उसने एक बार फिर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से शांति स्थापित करने की कोशिश की है। भारत वर्षों से आतंकवाद से पीड़ित है। ऐसे में भारत सरकार ने जो किया, वह सही था और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की तरफ से भी हमें अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।”

CDS Chauhan ने ऑपरेशन सिंदूर पर दी स्पष्टता, परिणाम को बताया अहम

थिंक टैंक ग्रुप के एक अन्य सदस्य क्षितिज बाजपेयी ने कहा, “भारत अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को अपना संदेश देने की कोशिश कर रहा है। हमारे स्टैंड को वैश्विक समर्थन मिला है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से हमने पाकिस्तान स्थित आतंकवादी कैंप नष्ट किए हैं, लेकिन पाकिस्तान में अभी भी आतंकी कैंप हैं। इसलिए भारत के सामने चुनौती बरकरार है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.