नयी दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज कहा कि भारत आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन से निपटने जैसे गंभीर वैश्विक मुद्दों पर नेतृत्व कर रहा है। भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों के एक समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे बहुत उत्साहजनक समय में सेवा में शामिल हो रहे हैं। कोविंद ने कहा , ‘‘ भारत अपनी वैश्विक छाप बढा रहा है। हम विश्व के हर भाग में अपने हितों की सुरक्षा कर रहे हैं। हम वैश्विक शांति , सुरक्षा और प्रगति को प्रभावित करने वाले गंभीर मुद्दों पर नेतृत्व कर रहे हैं , फिर चाहे आतंकवाद से लड़ना हो या जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयास बढाने हों। ’’
राष्ट्रपति ने कहा कि आज के अति मेलजोल वाली दुनिया में कूटनीति घरेलू गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है। उन्होंने कहा , ‘‘ हमारे देश की वृद्धि और विकास के हर पहलू का अंतरराष्ट्रीय संबंध है , फिर चाहे स्वच्छ ऊर्जा , डिजिटल इंडिया , स्किल इंडिया , मेक इन इंडिया हो या तेज रफ्तार रेल नेटवर्क बनाना हो। ऐसे में आर्थिक कूटनीति हमारे लिए प्राथमिकता है। ’’
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



