कोरोना वायरस के संसद का मानसून सत्र सोमवार को शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत इस साल 15 सांसदों के निधन के शोक संदेश के साथ की गई। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को मानसून सत्र शुरू होने के दौरान सांसदों को संबोधित करते हुए सभी सांसदों से कार्यवाही के संचालन में पूरा सहयोग मांगा।
उन्होंने कहा, सदन की कार्यवाही के संचालन में सांसदों से पूर्व की भांति सहयोग की आशा है। विश्वास है कि हम मिलकर इन कठिन परिस्थितियों में भी अपने उद्देश्य को प्राप्त कर लेंगे। इस सत्र की सुखद स्मृतियां हमारे साथ रहेंगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में कहा, असाधारण परिस्थितियों के बीच संसद का मानसून सत्र आज से प्रारंभ हुआ है। लोकसभा सदस्य राज्यसभा व राज्यसभा सदस्य लोकसभा कक्ष में बैठेंगे, सदस्यों के बीच दूरी होगी। डिजिटलाइजेशन बढ़ाया गया है। कई व्यवस्थाएं-प्रबंध पहली बार किए गए हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र तभी समृद्ध होता है जब सकारात्मक भावना के साथ जनहित व राष्ट्रहित के विषयों पर चिंतन प्रस्तुत हो। सत्र के दौरान पक्ष-विपक्ष जीवंतता के साथ समाज व देश हित के अंतिम लक्ष्य की प्राप्ति की ओर अग्रसर रहेंगे, ऐसा विश्वास है। उन्होंने कहा, भारत दुनिया का सबसे बड़ा कार्यशील लोकतंत्र है। संसद इस लोकतंत्र का मंदिर है, देश की जनता की आशाओं व आकांक्षाओं का प्रतीक है। सांसद नागरिकों को संदेश दें कि जनता की प्रगति, उत्कर्ष व उनकी सुरक्षा के लिए पूरा सदन एकमत है।
ओम बिरला ने कहा कि कोरोना के कारण उपजी परिस्थितियों का सामना करने में देश की जनता ने अद्भुत एकता व संगठन शक्ति प्रदर्शित की है। संक्रमण को नियंत्रित करने के प्रयासों में कोरोना योद्धाओं ने उत्कृष्ट योगदान दिया है। लोकसभा स्पीकर ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विविधता से भरे अपने देश में सभी भारतीय भाषाओं की उन्नति सुनिश्चित हो, हम सभी इसके लिए प्रयास करें, मेरी यही मनोकामना है।
उन्होंने कहा कि सांसदों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने क्षेत्रों में जनसेवक के रूप में वंचित-अभावग्रस्त वर्ग सहित अधिकतम लोगों तक मदद पहुंचाई। लोकसभा सचिवालय का कंट्रोल रूम जनप्रतिनिधियों व आम जन के बीच मजबूत कड़ी बना। उन्होंने कहा, मेरा विश्वास है कि केंद्र व सभी राज्य सरकारों के सामूहिक प्रयासों, सभी दलों के नेताओं की सहभागिता, कोरोना योद्धाओं के समर्पित योगदान और व्यापक जन-सहयोग से हम कोरोना महामारी पर शीघ्र ही विजय प्राप्त कर लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



