व्यापारी की हत्या को लेकर प्रियंका ने UP सरकार पर साधा निशाना, कहा- जंगलराज का भयावह रूप यह

Summary :

कांग्रेस नेता ने ‘‘शोषण पर आवाज उठाना बना मौत का कारण’’ शीर्षक से छपी इस खबर पर लिखा, ‘‘जंगलराज का भयावह रूप है यह।’’

यूपी में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार योगी सरकार पर हमलावर है।  इस बीच सोमवार को प्रियंका ने महोबा में एक व्यापारी की हत्या पर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि राज्य में जंगलराज है। 

प्रियंका ने एक प्रमुख हिंदी दैनिक की खबर का लिंक साझा करते हुये ट्विटर पर लिखा , “ महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की हत्या पूरी उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल है। भारतीय जनता पार्टी सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। अब इस सरकार के अफसर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुपारी दिलवा रहे हैं।”

कांग्रेस नेता ने ‘‘शोषण पर आवाज उठाना बना मौत का कारण’’ शीर्षक से छपी इस खबर पर लिखा, ‘‘जंगलराज का भयावह रूप है यह।’’ बता दें कि खुलेआम रिश्वत मांगने और अन्य भ्रष्टाचार के आरोप में हाल में निलंबित किए गए महोबा के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार के खिलाफ छह लाख रुपये की रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल करने के कुछ घंटे बाद मंगलवार को करीब ढाई बजे क्रशर व्यवसायी इन्द्रकांत त्रिपाठी (44) संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल अपनी कार में मिले थे।

कांग्रेस ने चीनी वेबसाइट द्वारा जासूसी के मामले में सरकार से मांगा जवाब, कहा- देश को करें आश्वस्त

Desk Team