वैश्विक तनाव के विदेशी धरती पर भारत की बड़ी सफलता! ऑयल इंडिया को मिला तेल-गैस का नया भंडार

Summary :

India Oil Discovery in Libya: भारत सरकार की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को विदेश में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। कंपनी ने जानकारी दी है कि उसे लीबिया में तेल और गैस का नया भंडार मिला है। यह खोज ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत…

India Oil Discovery in Libya: भारत सरकार की महारत्न कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) को विदेश में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। कंपनी ने जानकारी दी है कि उसे लीबिया में तेल और गैस का नया भंडार मिला है। यह खोज ऐसे समय में हुई है, जब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है। ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में रुकावट की आशंका के चलते सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी थी। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ईरान ने इस मार्ग को खोलने पर सहमति जताई है और दोनों देशों के बीच बातचीत की उम्मीद है, जिससे हालात कुछ सामान्य हो सकते हैं।

India Oil Discovery in Libya: लीबिया में मिला नया तेल और गैस भंडार

ऑयल इंडिया ने बताया कि लीबिया के एरिया 95/96 ब्लॉक में तेल और गैस की खोज हुई है। यह ब्लॉक देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित घडामेस बेसिन में आता है, जिसे हाइड्रोकार्बन के लिए काफी संभावनाशील क्षेत्र माना जाता है। इस पूरे ब्लॉक का क्षेत्रफल लगभग 6,630 वर्ग किलोमीटर है। इस प्रोजेक्ट में ऑयल इंडिया की 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है और यह एक भारतीय कंसोर्टियम का हिस्सा है, जिसमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) भी शामिल है। इस ब्लॉक का संचालन सिपेक्स नाम की कंपनी कर रही है।

छठे कुएं में हुई नई खोज

इस प्रोजेक्ट के तहत कुल 8 कुओं की ड्रिलिंग की योजना है। अब तक 5 कुओं की ड्रिलिंग पूरी हो चुकी थी, जिनमें से 4 कुओं में 2012 से 2014 के बीच तेल और गैस की खोज हो चुकी थी। अब छठे कुएं A1-96/02 की ड्रिलिंग के दौरान फिर से तेल और गैस के भंडार का पता चला है, जो इस प्रोजेक्ट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस खोज को लीबिया की नेशनल ऑयल कॉरपोरेशन (NOC) ने आधिकारिक तौर पर ब्लॉक की पांचवीं सफल खोज के रूप में मान्यता दी है। इससे यह साफ होता है कि इस क्षेत्र में तेल और गैस के भंडार की अच्छी संभावना है। अब कंपनी इस खोज का विस्तृत आकलन करेगी, जिससे इसकी क्षमता का पता लगाया जा सके। इसके बाद इसे उत्पादन के चरण में ले जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

क्यों महत्वपूर्ण है यह खोज?

यह खोज ऑयल इंडिया के लिए कई मायनों में खास है। इससे कंपनी की विदेशी संपत्तियों की वैल्यू बढ़ेगी और भविष्य में उत्पादन शुरू होने पर राजस्व के नए स्रोत खुलेंगे। इसके अलावा, यह उपलब्धि भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में भी मददगार हो सकती है। साथ ही, इससे यह भी साबित होता है कि भारतीय कंपनियां अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। इस तरह, लीबिया में मिली यह सफलता न सिर्फ ऑयल इंडिया के लिए, बल्कि पूरे भारत के लिए एक सकारात्मक संकेत है, खासकर ऐसे समय में जब दुनिया ऊर्जा संकट से जूझ रही है।

यह भी पढ़ें: बिहार में किसी के घर उजाड़ने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए: चिराग पासवान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।